सार

Bhopal woman suicide attempt at Bhadhbhada dam: भोपाल में एक महिला ने भदभदा डैम से कूदकर जान देने की कोशिश की। उसने WhatsApp स्टेटस पर पति और ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Bhopal suicide attempt: भोपाल के भदभदा डैम से एक महिला ने कूदकर जान देने की कोशिश की। गनीमत रही कि मौके पर मौजूद लोगों ने उसे छलांग लगाते हुए देख लिया और तुरंत पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने समय रहते महिला को रेस्क्यू कर अस्पताल में भर्ती कराया। महिला ने यह कदम उठाने से पहले अपने व्हाट्सऐप स्टेटस पर एक बेहद भावुक संदेश साझा किया, जिसमें उसने अपने पति और परिवार पर गंभीर आरोप लगाए।

व्हाट्सऐप स्टेटस: एक दर्द भरी दास्तान

इस घटना से पहले महिला ने अपने व्हाट्सऐप स्टेटस में लिखा, "तुम्हें तो एक नहीं, चार-पांच गर्लफ्रेंड चाहिए। तुमने मेरी जिंदगी नरक बना दी।" इसके अलावा उसने अपने भाई और पिता से अपील की कि उसके जाने के बाद वे ससुराल वालों से कोई संबंध न रखें। उसने लिखा, "इन्हें खाना खिलाने के बजाय 11 भूखों को भोजन कराना ज्यादा बेहतर होगा।"

महिला ने अपने पति अभिषेक पर न केवल कई लड़कियों के साथ संबंध होने का आरोप लगाया, बल्कि यह भी कहा कि उसे लगातार दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था। स्टेटस में उसने लिखा, "अगर किसी को अपनी बेटी की जिंदगी महानरक बनानी हो, तो ही उसकी शादी अभिषेक से करें।" उसने आगे कहा कि वह अपने पति से बहुत प्यार करती थी, लेकिन पति ने कभी उसकी भावनाओं की कद्र नहीं की।

यह भी पढ़ें: इस लेडी कंडक्टर का जज्बा देखकर आप भी चौंक जाएंगे, 20 लाख लोग देख चुके उसका Video

"तुम्हारे लिए मैं कुछ नहीं, लेकिन तुम तो दूसरी शादी कर लोगे..."

स्टेटस में महिला ने अपने पति को संबोधित करते हुए लिखा, "तुम तो उस दिन दूसरी शादी कर लोगे, जिस दिन मैं मर जाऊंगी। तुम्हें तो हमेशा नई-नई लड़कियों के साथ रहना पसंद है।" उसने अपने भाई को भी लिखा कि वह ससुराल पक्ष से किसी भी तरह का संबंध न रखे और न ही उन्हें किसी प्रकार की सांत्वना दी जाए।

शादी के दो साल बाद टूटा भरोसा, पति हुआ फरार

कमला नगर थाना प्रभारी निरूपा पांडे के अनुसार, महिला की पहचान रातीबड़ क्षेत्र निवासी के रूप में हुई है। उसकी शादी दो साल पहले हुई थी, और वह मानसिक एवं शारीरिक प्रताड़ना से परेशान थी। पुलिस ने बताया कि महिला का पति अभिषेक फरार है और उसकी तलाश की जा रही है। साथ ही, व्हाट्सऐप स्टेटस में लगाए गए आरोपों की भी जांच हो रही है। फिलहाल, महिला की हालत नाजुक बनी हुई है और डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।

पुलिस जांच में जुटी, सच्चाई जल्द आएगी सामने?

पुलिस इस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है। यह भी देखा जा रहा है कि महिला के आरोप कितने सही हैं और क्या उसे घरेलू हिंसा का शिकार होना पड़ा है।

यह भी पढ़ें: गठिया के दर्द से कराह रही थी महिला, अंधेरे में खा गई चूहे मारने की दवा, फिर…