छिंदवाड़ा जिला अस्पताल के SNCU में वॉर्मर में लगी आग से झुलसी एक नवजात की इलाज के दौरान मौत हो गई। CM मोहन यादव ने 4 लाख सहायता और दो बच्चों के मुफ्त इलाज का ऐलान किया।
भोपाल/छिंदवाड़ा। मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा जिला अस्पताल के एसएनसीयू (SNCU) में वॉर्मर में लगी आग से झुलसे तीन नवजातों में से एक बच्ची ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। बच्ची का इलाज जबलपुर मेडिकल कॉलेज में चल रहा था। इस घटना पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गहरा दुख जताते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने मृत बच्ची के परिजनों को 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। वहीं, जबलपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती दोनों अन्य नवजातों के पूरे इलाज का खर्च राज्य सरकार उठाएगी।
Chhindwara SNCU Fire: 21 अगस्त की रात कैसे हुआ हादसा?
यह हादसा 21 अगस्त की देर रात छिंदवाड़ा जिला अस्पताल के एसएनसीयू में हुआ था। शुरुआती जानकारी के अनुसार, एक वॉर्मर में स्पार्क होने के बाद अचानक आग लग गई। घटना के समय एक ही वॉर्मर पर तीन नवजात रखे गए थे। आग की चपेट में आने से तीनों बच्चे झुलस गए। एसएनसीयू स्टाफ ने बिना देर किए बच्चों को बाहर निकाला और यूनिट में मौजूद करीब 30 अन्य नवजातों को भी सुरक्षित दूसरी यूनिट में शिफ्ट कर दिया। समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
Jabalpur Medical College: गंभीर हालत में तीनों बच्चों को किया गया था रेफर
हादसे की सूचना मिलते ही अस्पताल के आरएमओ, चाइल्ड स्पेशलिस्ट, डीन, मेडिकल सुपरिंटेंडेंट और अन्य विशेषज्ञ डॉक्टर मौके पर पहुंच गए। तीनों बच्चों को तत्काल प्राथमिक उपचार दिया गया। इसके बाद मेडिकल कॉलेज के सर्जिकल, आई और ईएनटी विशेषज्ञों ने उनकी जांच की। बच्चों की गंभीर स्थिति को देखते हुए जबलपुर मेडिकल कॉलेज के डीन से समन्वय किया गया और बेहतर सुपरस्पेशलिटी इलाज के लिए तीनों नवजातों को वहां रेफर कर दिया गया।
CM Mohan Yadav: दोनों बच्चों के इलाज पर सरकार रख रही नजर
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर छिंदवाड़ा जिला प्रशासन लगातार जबलपुर मेडिकल कॉलेज प्रशासन के संपर्क में है। अधिकारियों को दोनों भर्ती नवजातों के इलाज की हर पल निगरानी करने और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार ने साफ किया है कि दोनों बच्चों के इलाज में आने वाला पूरा खर्च शासन की ओर से वहन किया जाएगा।
शोक व्यक्त कर परिवार को दी संवेदना
मुख्यमंत्री ने बच्ची की मृत्यु पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए ईश्वर से प्रार्थना की कि शोकाकुल परिवार को इस असहनीय पीड़ा को सहन करने की शक्ति मिले। साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार प्रभावित परिवार के साथ खड़ी है और बाकी दोनों बच्चों के बेहतर इलाज में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।
