मुख्यमंत्री मोहन यादव ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को श्रद्धांजलि देते हुए UCC, इंडस्ट्रियल पार्क, डिफेंस सेक्टर, भोपाल विकास और रोजगार पर कई बड़े ऐलान किए।

भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 6 जुलाई को भारतीय जनसंघ के संस्थापक और प्रख्यात विचारक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस अवसर पर उन्होंने भोपाल के लालघाटी स्थित डॉ. मुखर्जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचार आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं और उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश उन गौरवशाली राज्यों की श्रेणी में शामिल हो रहा है, जहां एक समान व्यवस्था लागू करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं। डॉ. मुखर्जी ने स्वतंत्रता के समय संविधान की कुछ चुनौतियों की ओर ध्यान आकर्षित करते हुए 'एक निशान, एक प्रधान और एक विधान' की अवधारणा रखी थी। मुख्यमंत्री ने बताया कि मध्यप्रदेश भी इसी महीने समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

UCC और विकसित भारत के विजन पर मुख्यमंत्री का बड़ा संदेश

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश ऐसे सभी कार्यों को आगे बढ़ा रहा है, जो राष्ट्रहित में आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत वैश्विक स्तर पर अपनी अलग पहचान स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के राष्ट्रनिर्माण के विचारों को आत्मसात करते हुए प्रदेश औद्योगिकीकरण को नई गति दे रहा है। सरकार का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग के जीवन में समृद्धि और कल्याण सुनिश्चित करना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस भारत की कल्पना डॉ. मुखर्जी ने की थी, उसी दिशा में देश निरंतर आगे बढ़ रहा है।

मध्यप्रदेश में रक्षा उत्पादन को मिलेगा नया विस्तार

मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश ने पहली बार रक्षा क्षेत्र में एक नया और ऐतिहासिक अध्याय शुरू किया है। अब प्रदेश में विभिन्न प्रकार के रक्षा उपकरणों और उत्पादों का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार मध्यप्रदेश को हर क्षेत्र में मजबूत, आत्मनिर्भर और विकसित बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है तथा विकास की गति को और तेज किया जाएगा।

सतगढ़ी इंडस्ट्रियल पार्क से बढ़ेंगे निवेश और रोजगार के अवसर

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती के अवसर पर सतगढ़ी में एक बड़े इंडस्ट्रियल पार्क का उद्घाटन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस औद्योगिक पार्क में उद्योगों के साथ-साथ कर्मचारियों के रहने, भोजन, विश्राम और रोजगार की समग्र सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे निवेश और रोजगार दोनों को बढ़ावा मिलेगा।

भोपाल को आर्थिक राजधानी बनाने की तैयारी, बनेंगे दो बड़े कन्वेंशन सेंटर

मुख्यमंत्री ने कहा कि बदलते समय के साथ भोपाल को एक समृद्ध आर्थिक राजधानी के रूप में विकसित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विकास की नई आधारशिला रखने के लिए डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती से बेहतर अवसर नहीं हो सकता। उन्होंने बताया कि भोपाल में मध्यप्रदेश का सबसे बड़ा कन्वेंशन सेंटर बनाया जाएगा। साथ ही कुशाभाऊ ठाकरे सभागार के पास लगभग 5 हजार लोगों की क्षमता वाला कन्वेंशन सेंटर विकसित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त सतगढ़ी में बनने वाला कन्वेंशन सेंटर 10 से 15 हजार लोगों की बैठक क्षमता वाला होगा, जिससे बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रमों के आयोजन में सुविधा मिलेगी।

मध्यप्रदेश में सबसे कम बेरोजगारी दर होने का दावा

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि आज पूरे देश में मध्यप्रदेश ऐसा राज्य है, जहां बेरोजगारी की दर सबसे कम है। उन्होंने कहा कि प्रदेश उद्योग, निवेश, अधोसंरचना और रोजगार सहित विभिन्न क्षेत्रों में तेजी से प्रगति कर रहा है तथा सरकार विकास के हर आयाम पर लगातार काम कर रही है।