CM मोहन यादव ने सेवा-संकल्प अभियान में हर गांव-वार्ड में दीपावली जैसा उत्सव मनाने की अपील की। अभियान में निःशुल्क रजिस्ट्री और सुगम बसों की सुविधाएं मिलेंगी।
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 15 सितंबर को सेवा-संकल्प अभियान को लेकर जनप्रतिनिधियों से वर्चुअली चर्चा की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष सत्ता के नहीं, बल्कि निरंतर सेवा और राष्ट्र निर्माण के 25 वर्ष हैं। मुख्यमंत्री से प्रधानमंत्री तक उन्होंने जनसेवा को अपना संकल्प बनाया है।
डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का जन्मदिवस सभी के लिए विशेष उत्सव का अवसर है। सेवा-संकल्प अभियान की शुरुआत ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से करना एक अभिनव पहल है। यह दीपक सभी के मन की प्रसन्नता और आभार का प्रतीक बनेगा। उन्होंने अपील की कि प्रदेश के हर गांव और वार्ड में दीपावली जैसा उत्सव आयोजित किया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शासन-प्रशासन, सामाजिक संगठन और जनप्रतिनिधि आपसी समन्वय से पूरे उत्साह और भव्यता के साथ सेवा-संकल्प अभियान में भागीदारी करें। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से यह अभियान प्रदेश में जनसेवा और सहभागिता का बड़ा उदाहरण बन सकता है।
सेवा-संकल्प अभियान में प्रधानमंत्री मोदी की उपलब्धियों की जानकारी देने पर जोर
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा मध्यप्रदेश को दी गई बड़ी सौगातों के बारे में आमजन को जानकारी दी जानी चाहिए। ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के साथ प्रधानमंत्री मोदी की देश और दुनिया में उपलब्धियों पर भी चर्चा हो। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने मध्यप्रदेश को कई महत्वपूर्ण सौगातें दी हैं। इनमें मेट्रो ट्रेन, एयरपोर्ट, मेडिकल कॉलेज, प्रधानमंत्री आवास, हर घर में नल से जल और किसान कल्याण जैसी योजनाएं शामिल हैं। इनसे आम आदमी के जीवन में बदलाव आया है।
डॉ. यादव ने कहा कि जिस व्यक्ति ने देश और प्रदेश को लगातार दिया ही दिया है, उनके प्रति आभार व्यक्त करने के लिए एक दीया जलाना हम सबका कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम केवल दीप प्रज्ज्वलन तक सीमित न रहे, बल्कि लोगों को विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने का माध्यम भी बने।
महिला स्व-सहायता समूहों से लेकर युवाओं तक, हितग्राहियों को जोड़ने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने सेवा-संकल्प अभियान की गतिविधियों में विभिन्न वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने महिला स्व-सहायता समूहों, लाड़ली बहना योजना की हितग्राहियों, किसानों, पशुपालकों, मछुआरों, युवाओं, विद्यार्थियों और स्वामित्व योजना के लाभार्थियों को अभियान से जोड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि और सामाजिक संगठन मिलकर इन वर्गों तक पहुंचें और अभियान को व्यापक जनभागीदारी का रूप दें। इससे सेवा-संकल्प अभियान का संदेश गांव-गांव और वार्ड-वार्ड तक पहुंच सकेगा।
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा-संकल्प अभियान
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया कि सेवा-संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाया जाएगा। इस अवधि में प्रदेशवासियों को कई और सुविधाएं भी मिलेंगी। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान भूमि स्वामियों के पक्ष में निःशुल्क रजिस्ट्री प्रक्रिया शुरू होगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि अभियान की अवधि में प्रदेश में 50 लाख रजिस्ट्रियां की जाएंगी। उन्होंने कहा कि यह पहल लोगों को सुविधाएं उपलब्ध कराने और शासन की सेवाओं को अधिक सुलभ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
25 सितंबर से शुरू होगा सुगम यात्री बसों का संचालन
मुख्यमंत्री ने कहा कि सेवा-संकल्प अभियान के दौरान ही 25 सितंबर को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर प्रदेश में सुगम यात्री बसों का संचालन भी शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभियान की अवधि में लोगों को सुविधाएं देने के साथ-साथ जनसेवा से जुड़े कार्यों को भी गति दी जाएगी। डॉ. यादव ने अधिक से अधिक जनसहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आपसी समन्वय और सामूहिक प्रयासों से मध्यप्रदेश सेवा-संकल्प अभियान के संचालन में देश में अपनी विशेष छाप छोड़ेगा।


