मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्थापना दिवस कार्यक्रमों, निवेश प्रदर्शनी और समृद्ध मध्यप्रदेश@2047 दृष्टि पत्र की जानकारी दी। उन्होंने अंगदान-देहदान को प्रेरक पहल बताया और 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस मनाने की घोषणा की।

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को मंत्रालय में मंत्रिपरिषद की बैठक की शुरुआत में मंत्रीगण को संबोधित किया। उन्होंने बताया कि प्रदेश के स्थापना दिवस पर राजधानी और जिलों में विशेष आयोजन होंगे।

प्रदेश में पिछले दो वर्षों में हुई प्रमुख उपलब्धियों को विकास प्रदर्शनी के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि लाल परेड ग्राउंड और रवीन्द्र भवन परिसर इन कार्यक्रमों के मुख्य केंद्र रहेंगे।

निवेश और विकास की झलक दिखाएगी विशेष प्रदर्शनी

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि एक नवंबर को रवीन्द्र भवन में निवेश संवर्धन और अन्य उपलब्धियों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसमें ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट से प्राप्त निवेश और उससे जुड़े विकास कार्यों की जानकारी भी प्रदर्शित की जाएगी।

इसके साथ ही डिजिटल सेवाओं, मध्यप्रदेश ई-सेवा और इन्वेस्ट एमपी 3.0 पोर्टल का लोकार्पण किया जाएगा। उद्योग एवं रोजगार वर्ष 2025 के अंतर्गत हुए कार्यों का प्रस्तुतिकरण किया जाएगा और आगामी वर्ष 2026 के लिए नई थीम की घोषणा की जाएगी।

समृद्ध मध्यप्रदेश@2047 दृष्टि पत्र का होगा विमोचन

कार्यक्रम में समृद्ध मध्यप्रदेश@2047 दृष्टि पत्र का विमोचन किया जाएगा। यह दृष्टिपत्र “सुखद मध्यप्रदेश, संपन्न मध्यप्रदेश और सांस्कृतिक मध्यप्रदेश” की परिकल्पना पर आधारित है। मुख्यमंत्री ने बताया कि यह दृष्टिपत्र मिशन “ज्ञान” यानी गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी के सर्वांगीण विकास पर केंद्रित है। लाल परेड मैदान, भोपाल में महानाट्य सम्राट विक्रमादित्य का मंथन और प्रसिद्ध गायक जुबिन नौटियाल का गायन भी कार्यक्रम का आकर्षण रहेगा।

अंगदान और देहदान को लेकर मुख्यमंत्री मोहन यादव का संदेश

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि मध्यप्रदेश में अंगदान और देहदान की भावना लगातार मजबूत हो रही है। हाल ही में भोपाल के ऑटो चालक श्री गणेश ने दो किडनियां और दिल दान किए, जिससे तीन लोगों को नया जीवन मिला, जबकि उनके कार्निया से दो लोगों को दृष्टि मिली।

उन्होंने कहा कि ऐसे दान को सम्मान देने के लिए अंगदान करने वाले व्यक्तियों के अंतिम संस्कार में गार्ड ऑफ ऑनर दिया जा रहा है। उज्जैन के किशन सिंह भाटिया सहित कई परिवारों द्वारा देहदान की पहल समाज के लिए प्रेरणादायक है। मुख्यमंत्री ने मंत्रियों से आग्रह किया कि वे अपने जिलों में अंगदान और देहदान के प्रति जनजागरण अभियान को आगे बढ़ाएं, ताकि लोग जीवनकाल में ही दान का संकल्प लें और समाज के लिए प्रेरणा बनें।

भगवान बिरसा मुंडा जयंती पर मनाया जाएगा जनजातीय गौरव दिवस

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस भव्य रूप से मनाया जाएगा। यह पर्व धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती वर्ष के समापन पर आयोजित होगा। राजधानी से लेकर ग्राम पंचायत स्तर तक 1 से 15 नवंबर तक विविध सांस्कृतिक और जनजागरण कार्यक्रम होंगे। शिक्षण संस्थानों में भी भगवान बिरसा मुंडा के स्वतंत्रता संग्राम में योगदान पर विशेष गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी।