सार

भरत जैन, दुनिया के सबसे अमीर भिखारी हैं, जिनकी संपत्ति 7.5 करोड़ है। गरीब परिवार में जन्म लेने के बावजूद, उन्होंने भीख मांगकर फ्लैट और दुकानें खरीदीं। आखिर क्यों वो आज भी भीख मांगते हैं?

World Richest Beggar: राह चलते चौक-चौराहों पर या मंदिर के बाहर आपको भिखारी नजर आ जाते होंगे। कई बार आप गरीब और लाचार समझ उन्हें भीख भी देते होंगे। यह सच है कि भीख मांग रहे बहुत से लोग ऐसा करने के लिए विवश होते हैं, लेकिन ऐसे लोगों की संख्या भी कम नहीं जिन्होंने भीख मांगने को पेशा बना रखा है। ऐसे ही एक भिखारी हैं भरत जैन।

भरत जैन को दुनिया का सबसे अमीर भिखारी माना गया है। उनकी कुल संपत्ति 7.5 करोड़ रुपए है। वह ज्यादातर समय मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस और आजाद मैदान के बीच के इलाके में भीख मांगते हैं। पिछले कुछ सालों में मुंबई में फ्लैट और दुकानों सहित कई संपत्तियों के मालिक बन गए हैं।

भूख-गरीबी वाले परिवार में हुआ जन्म, 40 साल से मांग रहे भीख

भरत जैन का जन्म गरीब परिवार में हुआ था। खाने के लिए दो वक्त की रोटी नहीं थी। पढ़ाई कर पाना तो दूर की बात थी। पेट भरने के लिए उन्होंने भीख मांगना शुरू कर दिया। इसी काम से भरत ने अपने परिवार का जीवन बदल दिया। वह लगभग 40 साल से भीख मांग रहे हैं। रोज 2000 से 2500 के बीच कमाई कर लेते हैं। बिना ब्रेक के रोज 10 से 12 घंटे भीख मांगते हैं, जिससे महीने में 60,000 से 75,000 रुपए कमा लेते हैं।

भीख में मिले पैसे से खरीदे फ्लैट

भरत जैन ने भीख में मिले पैसे का प्रोपर्टी में निवेश किया। उन्होंने 1.4 करोड़ रुपए के दो फ्लैट खरीदे। यहां उनकी पत्नी, दो बेटे, पिता और भाई सहित उनका परिवार रहता है। उनके पास ठाणे में दो दुकानें भी हैं, जिनसे उन्हें हर महीने 30,000 रुपए किराया मिलता है। उनके बेटों ने एक प्रसिद्ध कॉन्वेंट स्कूल में पढ़ाई की। अब परिवार द्वारा संचालित स्टेशनरी स्टोर में काम करता है।

जैन अभी भी भीख मांगते हैं। कहते हैं, "मुझे भीख मांगने में मजा आता है। इसे छोड़ना नहीं चाहता। मैं लालची नहीं हूं। मंदिरों और धर्म से जुड़े काम में दान करता हूं।"

भारत में 4 लाख से ज्यादा लोग मांगते हैं भीख

भारत में 4 लाख से ज्यादा लोग भीख मांगते हैं। 81 हजार से ज्यादा भिखारियों के साथ पश्चिम बंगाल इस मामले में सबसे आगे है। इसके बाद उत्तर प्रदेश और आंध्र प्रदेश का स्थान है।