महायुति गठबंधन में मुख्यमंत्री पद को लेकर अभी भी सस्पेंस बना हुआ है। देवेंद्र फडणवीस और एकनाथ शिंदे की मुलाकात के बाद उम्मीद है कि जल्द ही नए CM का ऐलान होगा। शिंदे के उपमुख्यमंत्री पद के लिए राजी होने की खबरें हैं।

मुंबई। महाराष्ट्र में महायुति गठबंधन की प्रचंड जीत के बाद से ही मुख्यमंत्री पद को लेकर सस्पेंस बना हुआ है। भाजपा और महायुति गठबंधन के विधायक दल की बैठक के लिए पार्टी के केंद्रीय पर्यवेक्षक मुंबई पहुंच चुके हैं। इस बैठक के बाद नए मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान हो सकता है। सूत्रों के मुताबिक, शिवसेना के एकनाथ शिंदे डिप्टी सीएम पर के लिए राजी हो गए हैं। ऐसे में अब बीजेपी के देवेन्द्र फडणवीस का नाम अगले सीएम की रेस में सबसे ऊपर है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

भाजपा विधायक दल की बैठक में हो सकता है ऐलान

सूत्रों के मुताबिक, भाजपा विधायक दल की बैठक बुधवार सुबह 10 बजे होगी, जिसमें पार्टी नए मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा कर सकती है। वैसे, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद के लिए देवेंद्र फडणवीस का नाम लगभग फाइनल है। हालांकि, मंत्रिमंडल को लेकर अभी बातचीत होनी है। केंद्रीय पर्यवेक्षक विजय रुपाणी के मुताबिक, तीनों दल के नेताओं से बातचीत के बाद सीएम का ऐलान किया जाएगा।

शिंदे से मिले फडणवीस

मंगलवार 3 दिसंबर को देवेंद्र फडणवीस ने अपने आवास पर एकनाथ शिंदे से मुलाकात की। इस मुलाकात के बाद माना जा रहा है कि महायुति गठबंधन में सीएम पद को लेकर चल रही उठापटक करीब-करीब खत्म हो चुकी है। सरकार के गठन को लेकर चर्चा के बाद ये फडणवीस और शिंदे की पहली मुलाकात थी।

उपमुख्यमंत्री बनने को राजी हो गए हैं शिंदे

सूत्रों के मुताबिक, एकनाथ शिंदे महायुति सरकार में डिप्टी सीएम पद के लिए मान गए हैं। हालांकि, वो पहले फडणवीस के नीचे उपमुख्यमंत्री बनने के लिए राजी नहीं थे। बता दें कि महायुति गठबंधन के तीनों नेता शिंदे, फडणवीस और अजित पवार 5 दिसंबर को मुंबई के आजाद मैदान में शपथ ग्रहण कर सकते हैं।

ये हो सकते हैं BJP के संभावित मंत्री

बीजेपी के संभावित मंत्रियों की लिस्ट में कई देवेन्द्र फडणवीस के बेहद करीबी भी हैं। इनमें रवींद्र चव्हाण, मंगलप्रभात लोढ़ा, गिरीश महाजन, राधाकृष्ण विखे पाटिल और अतुल सावे को एक बार फिर कैबिनेट में जगह मिलने की उम्मीद है। वहीं, इस बार डॉ. विजयकुमार गावित, सुधीर मुनगंटीवार, सुरेश खाड़े और चंद्रकांत पाटिल को दोबारा मौका मिलने की संभावना कम है। बीजेपी इनकी जगह नए चेहरों को मंत्री बना सकती है।

ये भी देखें : 

महाराष्ट्र में नया 'किंग'? देवेंद्र फडणवीस की ताजपोशी की चर्चा गर्म!