महाराष्ट्र के परभणी में तीसरी बेटी के जन्म पर पति ने पत्नी को पेट्रोल डालकर जला दिया। यह खौफनाक घटना सीसीटीवी में कैद हुई, जिसमें महिला की मौत हो गई।

परभणी। महाराष्ट्र के परभणी जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। तीसरी बेटी के जन्म से नाराज पति ने अपनी पत्नी को पेट्रोल डालकर जला दिया। इस खौफनाक वारदात में महिला की मौत हो गई। घटना का वीडियो पास के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया, जिससे आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी संभव हो पाई।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

तीसरी बेटी पैदा होने के बाद लगातार पत्नी को मारता था ताना

यह घटना परभणी के गंगाखेड़ नाका इलाके में 26 दिसंबर की रात हुई। आरोपी कुंडलिक उत्तम काले ने अपनी पत्नी मैना कुंडलिक काले (34) पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। आरोप है कि उत्तम कुंडलिक तीसरी बेटी के पैदा होने से नाराज था और इसी को लेकर वह पत्नी को लगातार ताने मारता था। इसी वजह से घर में कलह भी होती थी।

अस्पताल में मैना ने तोड़ा दम

आग लगते ही मैना मदद के लिए चीखने लगी। स्थानीय लोग आग बुझाने की कोशिश में जुटे, लेकिन तब तक मैना बुरी तरह झुलस चुकी थी। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों के इलाज शुरू करने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया।

मृतका की बहन ने पुलिस में दर्ज कराई FIR

घटना के बाद पीड़िता की बहन ने गंगाखेड़ थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी पति कुंडलिक काले को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

घटना ने लोगों को झकझोर कर रख दिया

इस घटना ने समाज को एक बार फिर झकझोर दिया है। लोगों का कहना है कि बेटियों को बोझ समझने की मानसिकता बदलने की जरूरत है। बेटियों के सम्मान और उनकी सुरक्षा को प्राथमिकता देने के लिए कानून को सख्ती से लागू करने की मांग उठ रही है। यह घटना केवल एक अपराध नहीं, बल्कि समाज के लिए एक चेतावनी है। बेटियों के प्रति सोच में बदलाव लाना और समानता का माहौल बनाना अब और भी जरूरी हो गया है।

ये भी पढ़ें…

दगाबाज दोस्त से दगाबाजी-जेल से छूटे आरोपी ने पूरी की बदले की कसम, पढ़ें पूरी खबर

युवती को किया गर्भवती, हड़पे 45 लाख और फिर ले ली जान: लिव-इन पार्टनर का काला सच