तेलंगाना के 19 साल के लड़के को मुकेश अंबानी को जान से मारने की धमकी देने के मामले में गिरफ्तार किया गया है। अंबानी को बीते कुछ दिनों में तीन धमकियां मिली हैं। 

मुंबई। पुलिस ने तेलंगाना के एक 19 साल के लड़के को उद्योगपति मुकेश अंबानी को जान से मारने की धमकी देने के मामले में गिरफ्तार किया है। अंबानी को बीते कुछ दिनों में तीन धमकियां मिली हैं। हर धमकी में मोटी रकम की मांग की गई थी।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

आरोपी की पहचान गणेश रमेश वनपारधी के रूप में हुई है। उसे आठ नवंबर तक के लिए पुलिस हिरासत में भेजा गया है। पुलिस अधिकारी उससे पूछताछ कर रहे हैं। 27 अक्टूबर को मुकेश अंबानी के सुरक्षा प्रभारी द्वारा दी गई शिकायत के आधार पर मुंबई पुलिस ने केस दर्ज किया था।

धमकी देने वाले ने की थी 400 करोड़ रुपए की मांग

पहली धमकी में 20 करोड़ रुपए की मांग की गई थी। शुक्रवार को यह धमकी एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा ईमेल कर भेजी गई थी। इसके कुछ दिन बाद रिलायंस कंपनी को 200 करोड़ रुपए की मांग वाला एक और ई-मेल मिला। तीसरी धमकी में कहा गया कि अगर अंबानी ने 400 करोड़ रुपए नहीं दिए तो उन्हें मार दिया जाएगा।

पुलिस जांच में पता चला है कि मेल आईडी शादाब खान नाम के शख्स की है। मेल बेल्जियम से आए थे। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या गिरफ्तार किए गए व्यक्ति की सही आईडी है या फिर फर्जी आईडी से मेल भेजे गए हैं।

यह भी पढ़ें- मुकेश अंबानी की एक और बड़ी डील, अब रिलायंस के स्टोर पर मिलेंगे Sephora के ब्यूटी प्रोडक्ट्स

यह पहली बार नहीं है जब मुकेश अंबानी को जान से मारने की धमकी दी गई है। पिछले साल मुंबई पुलिस ने बिहार के एक व्यक्ति को अंबानी को धमकी देने के मामले में गिरफ्तार किया था। उसने फोन कर दक्षिण मुंबई स्थित अंबानी परिवार के घर 'एंटीलिया' और एचएन रिलायंस फाउंडेशन अस्पताल को बम से "उड़ाने" की धमकी दी थी।

यह भी पढ़ें- रणवीर सिंह ने नीता अंबानी को बताया Wow, ऐसा रहा मुकेश अंबानी का रिएक्शन, देखिए Video