एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली है। गैंग ने दावा किया कि सिद्दीकी के सलमान खान और अंडरवर्ल्ड से संबंध थे, जिसके कारण उन्हें निशाना बनाया गया।

मुंबई। लॉरेंस बिश्नोई गैंग (Lawrence Bishnoi Gang) ने रविवार को एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या की जिम्मेदारी ली। शनिवार रात को मुंबई के बांद्रा में 66 साल के सिद्दीकी की गोली मारकर हत्या की गई।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

गैंग के एक सदस्य ने फेसबुक पर पोस्ट कर हत्याकांड की जिम्मेदारी ली। इसमें कहा गया कि सिद्दीकी के सलमान खान से करीबी संबंध थे। इसलिए उन्हें निशाना बनाया गया। उनके संबंध दाऊद इब्राहिम जैसे अंडरवर्ल्ड के लोगों से थे।

फेसबुक पोस्ट में लिखा गया, "ओम, जय श्री राम, जय भारत। मैं जीवन का सार समझता हूं। धन और शरीर को धूल मानता हूं। मैंने वही किया जो सही था। सलमान खान, हम यह लड़ाई नहीं चाहते थे। आपने हमारे भाई को अपनी जान गंवाने पर मजबूर कर दिया। आज बाबा सिद्दीकी की शराफत का पूल बंद हो गया है। वह दाऊद के साथ मकोका (महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम) के तहत था। उनकी मौत का कारण बॉलीवुड, राजनीति और प्रॉपर्टी डीलिंग में दाऊद और अनुज थापन से उनके संबंध थे।"

पोस्ट में आगे लिखा गया, "हमारी किसी से कोई व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं है। जो कोई भी सलमान खान या दाऊद गैंग की मदद करता है, उसे तैयार रहना चाहिए। अगर कोई हमारे किसी भाई को मरवाता है तो हम जवाब देंगे। हम कभी पहले हमला नहीं करते।"

सलमान खान के घर की सुरक्षा बढ़ाई गई

सलमान खान के घर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। उनके परिजनों ने मेहमानों से नहीं आने की अपील की है। सलमान मुंबई के बांद्रा में गैलेक्सी अपार्टमेंट में रहते हैं। बिश्नोई गैंग ने सलमान खान को पहले भी कई बार धमकी दी है।

कॉन्ट्रैक्ट किलिंग के तहत हुई बाबा सिद्दीकी की हत्या

बता दें कि शनिवार रात को मुंबई में तीन लोगों ने बाबा सिद्दीकी की गोली मारकर हत्या कर दी थी। उन्हें लीलावती अस्पताल ले जाया गया, लेकिन जान नहीं बच सकी। मुंबई पुलिस ने बताया कि यह कॉन्ट्रैक्ट किलिंग थी। 23 साल के गुरमैल बलजीत सिंह और 19 साल के धर्मराज राजेश कश्यप को गिरफ्तार किया गया है। गुरमैल हरियाणा और धर्मराज उत्तर प्रदेश का है। तीसरा आरोपी उत्तर प्रदेश का शिव कुमार फरार है।

यह भी पढ़ें- बाबा सिद्दीकी हत्याकांड: किराए के घर में रहे शूटर, हफ्तों तक की रेकी, 10 Points