प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने मुंबई में 29,400 करोड़ रुपए की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि मुंबई को दुनिया की फिनटेक कैपिटल बनाना हमारा लक्ष्य है। 

मुंबई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने शनिवार को मुंबई के गोरेगांव के नेस्को प्रदर्शनी केंद्र में 29,400 करोड़ रुपए से अधिक की कई परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।

इस अवसर पर सभा को संबोधित करते हुए नरेंद्र मोदी ने कहा, "लोग जानते हैं कि एनडीए सरकार ही स्थिरता दे सकती है। तीसरी बार शपथ लेने के बाद मैंने कहा था कि तीसरे टर्म में एनडीए सरकार तीन गुना तेजी से काम करेगी। आज हम ये होते हुए देख रहे हैं। महाराष्ट्र के पास उद्योग, कृषि और फाइनेंस की ताकत है। इसी ताकत ने मुंबई को देश की आर्थिक राजधानी बनाया है। अब मेरा लक्ष्य है महाराष्ट्र को दुनिया का बड़ा आर्थिक पावर हाउस बनाना। मेरा लक्ष्य है मुंबई को दुनिया की फिनटेक कैपिटल बनाने का। मैं चाहता हूं कि महाराष्ट्र पर्यटन में भारत का नंबर वन राज्य बने। महाराष्ट्र भारत में विकास की नई गाथा लिखने जा रहा है।"

Scroll to load tweet…

नरेंद्र मोदी ने कहा, "देश की जनता अगले 25 वर्ष में देश को विकसित बनाना चाहती है। इसमें मुंबई और महाराष्ट्र की भूमिका बहुत बड़ी है। यहां सबका जीवन स्तर सुधरे, क्वालिटी ऑफ लाइफ बेहतरीन हो ये हमारा मिशन है। इसलिए मुंबई के आसपास के क्षेत्रों की कनेक्टिविटी को बेहतर करने का प्रयास किया जा रहा है। मुंबई में कोस्टल रोड और अटल सेतु पूरे हो गए हैं। जब अटल सेतु बन रहा था तो इसके विरोध में तरह-तरह की बातें फैलाई गईं।"

3-4 सालों में देश के लोगों को मिले 8 करोड़ नए रोजगार

पीएम ने कहा, "हाल में आरबीआई ने रोजगार पर एक रिपोर्ट जारी की है। इसके अनुसार बीते 3-4 सालों में देश में लगभग 8 करोड़ नए रोजगार मिले हैं। इन आंकड़ों ने रोजगार को लेकर झूठे नैरेटिव गढ़ने वालों की बोलती बंद कर दी है। ये झूठे नैरेटिव वाले निवेश, इंफ्रास्ट्रक्चर निर्माण और भारत के विकास के दुश्मन हैं। इनकी हर नीति युवाओं से विश्वासघात और रोजगार को रोकने वाली है। इनकी पोल खुल रही है। जनता इनके हर झूठ को नकार रही है।"

यह भी पढ़ें- Bypoll Results: INDIA ब्लॉक ने BJP को दिया बड़ा झटका, जीत लिए 13 में से 10 सीट

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रखी ठाणे बोरीवली सुरंग परियोजना की आधारशिला 

पीएम मोदी ने ठाणे बोरीवली सुरंग परियोजना की आधारशिला रखी। इसपर 16,600 करोड़ रुपए की लागत आएगी। यह ट्विन ट्यूब सुरंग संजय गांधी राष्ट्रीय उद्यान के नीचे से गुजरेगी। इससे बोरीवली की तरफ वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे और ठाणे की तरफ ठाणे घोड़बंदर रोड के बीच सीधा संपर्क बनेगा। परियोजना की कुल लंबाई 11.8 किमी है। इसके शुरू होने से ठाणे से बोरीवली की यात्रा 12 किमी कम हो जाएगी। लगभग 1 घंटे समय की बचत होगी। पीएम ने 6,300 करोड़ रुपए से अधिक की लागत वाली गोरेगांव मुलुंड लिंक रोड परियोजना में सुरंग कार्य की आधारशिला भी रखी।

यह भी पढ़ें- दिल्ली शराब घोटाला: अरविंद केजरीवाल को पच नहीं रही जेल की रोटी, 8.5kg घटा वजन, कोमा में जाने का खतरा