Nilam Shinde Indian Student Accident in US: महाराष्ट्र की रहने वाली भारतीय छात्रा नीलम शिंदे कैलिफोर्निया में एक हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गईं और कोमा में हैं। जानिए कौन है नीलम शिंदे।

Nilam Shinde Indian Student Accident in US: महाराष्ट्र के सतारा जिले की रहने वाली नीलम शिंदे अमेरिका में एक दर्दनाक हादसे का शिकार हो गईं। 14 फरवरी को कैलिफोर्निया की सड़कों पर पैदल चलते वक्त तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। इस भयानक दुर्घटना में नीलम के दोनों पैर, बायां हाथ और सिर में गंभीर चोटें आईं। सिर में चोट लगने से उन्हें ब्रेन इंजरी भी हुई, जिसके कारण वे कोमा में चली गईं।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

नीलम शिंदे कौन है? जिसका अमेरिका में हुआ एक्सीडेंट

35 वर्षीय नीलम शिंदे अपने हायर एजुकेशन और करियर को आगे बढ़ाने के लिए अमेरिका गई थीं। कंप्यूटर साइंस में मजबूत पकड़ रखने वाली नीलम ने सावित्रीबाई फुले पुणे यूनिवर्सिटी से कंप्यूटर साइंस की पढ़ाई की। इसके बाद उन्होंने सैन जोस स्टेट यूनिवर्सिटी से डेटा एनालिटिक्स में पोस्टग्रेजुएशन किया। वर्तमान में वे कैलिफोर्निया स्टेट यूनिवर्सिटी में चौथे वर्ष की छात्रा थीं।

नीलम शिंदे का सॉफ्टवेयर इंजीनियर से NASA तक का सफर

नीलम शिंदे का प्रोफेशनल करियर भी शानदार रहा है। उन्होंने HCL में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में इंटर्नशिप की। इसके अलावा वे NASA Ames Research Center में डेटा साइंस इंटर्न भी रह चुकी हैं। उन्होंने इंफोसिस और सैन जोस स्टेट यूनिवर्सिटी में भी काम किया। साल 2022 में उन्होंने वीजा (Visa) कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में 11 महीने तक काम किया।

मां को खोने के बाद पिता से हुई थी नीलम शिंदे की आखिरी मुलाकात

नीलम शिंदे पिछले साल फरवरी में अपनी मां के निधन के बाद अपने पिता तानाजी शिंदे से मिलने सतारा आई थीं। यह मुलाकात भावुक रही, क्योंकि मां के जाने के बाद पिता-पुत्री के पास सिर्फ यादें ही बची थीं।

नीलम शिंदे के पिता की सांसद सुप्रिया सुले ने की मदद

नीलम के पिता को अमेरिका भेजने के लिए बारामती सांसद सुप्रिया सुले ने तत्काल हस्तक्षेप किया। पूर्व विधायक बालासाहेब पाटिल ने जब नीलम के पिता की स्थिति की जानकारी दी, तो सुप्रिया सुले ने विदेश मंत्रालय से तत्काल वीजा प्रक्रिया में तेजी लाने की अपील की।

पिता पहुंचे अमेरिका, बेटी नीलम शिंदे कोमा में

नीलम के पिता 2 मार्च को मुंबई से अमेरिका के लिए रवाना हुए। उनके साथ नीलम के मामा संजय कदम के बेटे गौरव भी थे, जो पुणे में एक आईटी कंपनी में काम करते हैं। वे सीधा UC डेविस मेडिकल सेंटर, सैक्रामेंटो (कैलिफोर्निया) पहुंचे, जहां नीलम पिछले एक महीने से कोमा में हैं।

नीलम शिंदे के इलाज को लेकर बड़ा फैसला जल्द

नीलम की हालत गंभीर बनी हुई है और अस्पताल के डॉक्टरों की टीम अगले कदम पर फैसला लेने के लिए एक महत्वपूर्ण बैठक करने वाली है। परिवार और डॉक्टर अब यही उम्मीद कर रहे हैं कि नीलम जल्द से जल्द इस मुश्किल जंग को जीत कर ठीक हो जाएं।