लुधियाना में शेरपुर पुल के पास ट्रेन की चपेट में आने से तीन युवकों की मौत हो गई।

लुधियाना(Punjab). लुधियाना में शेरपुर पुल के पास ट्रेन की चपेट में आने से तीन युवकों की मौत हो गई। ट्रेन के ड्राइवर ने ढंडारी स्टेशन पर मैसेज करके हादसे की सूचना दी, जिसके बाद जीआरपी ने आकर मामले की जांच और मृतकों की शिनाख्त के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

मृतकों की पहचान नवांशहर निवासी लवप्रीत सिंह (27), अमृतसर निवासी सुखमन (19) और होशियारपुर निवासी रवि कुमार (27) के रूप में हुई, जो ट्रांसपोर्ट नगर के पास ट्रक रिपेयर करने का काम करते थे। यह हादसा पटरी पार करते समय हुआ।

ढाबे से खाना खाकर लौट रहे थे तीनों दोस्त

बताया जा रहा है कि तीनों युवक गहरे दोस्त थे और एक ही जगह पर ट्रक रिपेयर का काम करते थे। वह ढाबे से खाना खाने के बाद वापस लौट रहे थे कि रास्ते में पटरी पार करते समय ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसे के बाद जीआरपी ने शवों को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवाया और मृतकों की पहचान के बाद उनके परिजनों को सूचित किया। सूचना पाकर मृतकों के परिजन लुधियाना पहुंच गए। जीआरपी ने पोस्टमार्टम के बाद शवों को परिजनों के हवाले कर दिया।