badaun kachla ghat accident : गंगा में अस्थि विसर्जन के दौरान भरतपुर के 6 लोग डूब गए। यह हादसा उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में गंगा नदी के कछला घाट पर हुआ। जिसमें 4 को बचाया गया, दो किशोरों की तलाश जारी।

badaun kachla ghat accident : उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में गंगा नदी के कछला घाट पर सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। राजस्थान के भरतपुर से अस्थि विसर्जन के लिए आए एक ही परिवार के 6 लोग गहरे पानी में डूब गए। गोताखोरों और पुलिस की तत्परता से 4 को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन दो किशोर अभी तक लापता हैं।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

परिवार के 35 लोग भरतपुर से गए थे बदायूं

घटना भरतपुर जिले के चिकसाना थाना क्षेत्र के पीरनगर गांव के परिवार के साथ हुई। जानकारी के अनुसार, परिवार के वरिष्ठ सदस्य अमरीश सिंह का 6 दिन पहले निधन हुआ था, जिसके बाद करीब 35 परिजन उनकी अस्थियां विसर्जित करने बदायूं के कछला घाट पहुंचे थे।

देखते ही देखते गंगा में समाने लगा पूरा परिवार

अस्थि विसर्जन का धार्मिक अनुष्ठान पूरा करने के बाद कुछ युवक और महिलाएं दोबारा गंगा स्नान करने नदी में उतर गए। लेकिन गंगा की तेज धार और गहराई का सही अनुमान न होने के कारण 6 लोग बहाव में फंस गए। डूबने वालों में 17 वर्षीय सुमित, 16 वर्षीय सुमीर, 20 वर्षीय दीवान, 18 वर्षीय मोनू, 21 वर्षीय गौरव और एक महिला नीतू शामिल हैं। मौके पर मौजूद स्थानीय गोताखोरों ने तत्परता दिखाते हुए दीवान, मोनू, गौरव और नीतू को बचा लिया। लेकिन सुमित और सुमीर तेज बहाव में बह गए, जिनकी तलाश के लिए एनडीआरएफ और पुलिस की संयुक्त टीम सर्च ऑपरेशन चला रही है।

इस घटना से पूरे परिवार में मातम

घटना की सूचना मिलते ही उझानी थाना पुलिस और जिला प्रशासन मौके पर पहुंचा। प्रशासनिक निगरानी में नदी में लापता किशोरों की तलाश की जा रही है। इस घटना से पूरे परिवार में मातम का माहौल है। घायल महिला को बदायूं जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। देर रात तक पीड़ित परिवार की महिलाएं भरतपुर के लिए रवाना हो गईं, जबकि पुरुष सदस्य घटनास्थल पर ही रुके हुए हैं।