Bikaner Delhi Vande Bharat Express को केंद्र की मंजूरी मिल गई है। इस ट्रेन से बीकानेर और दिल्ली के बीच यात्रा समय घटकर करीब 6 घंटे 20 मिनट हो जाएगा। यह व्यापार और पर्यटन दोनों के लिए बड़ी सुविधा है, जिससे मरुधरा क्षेत्र के विकास को बढ़ावा मिलेगा। 

Bikaner TO Delhi Vande Bharat Express : मरुधरा के लोगों के लिए बड़ी सौगात सामने आई है। बीकानेर से दिल्ली तक की दूरी अब और भी आसान व तेज होने जा रही है। केंद्र सरकार ने बीकानेर दिल्ली मार्ग पर वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन चलाने की स्वीकृति दे दी है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इस संबंध में केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल को पत्र लिखकर जानकारी दी अर्जुनराम मेघवाल ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में लगातार आधुनिक रेल सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है। ‘मेक इन इंडिया’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ की सोच के तहत तैयार की गई वंदे भारत ट्रेनें आज देश के हर क्षेत्र को जोड़ रही हैं। अब बीकानेर भी इस अत्याधुनिक रेल सेवा से जुड़ जाएगा।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

अब कुछ घंटों में पूरा होगा बीकानेर से दिल्ली का सफर

 बीकानेर और दिल्ली के बीच व्यापारिक गतिविधियां काफी व्यापक हैं। हर दिन बड़ी संख्या में व्यापारी दिल्ली से बीकानेर और बीकानेर से दिल्ली की ओर आते–जाते हैं। अब तक इस सफर में एक दिन और दो रात का समय लग जाता था, लेकिन वंदे भारत एक्सप्रेस शुरू होने के बाद यह दूरी कुछ ही घंटों में तय हो सकेगी। इससे न केवल समय की बचत होगी बल्कि व्यापारियों का आर्थिक बोझ भी घटेगा। बीकानेर के बाजारों में दिल्ली से आने वाला सामान तेजी से पहुंच सकेगा और वहीं दिल्ली के बाजारों तक यहां के उत्पाद भी समय पर पहुंचेंगे।

राजस्थान के लोगों में खुशी की लहर 

जैसे ही यह खबर आई कि बीकानेर से दिल्ली के लिए वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी मिल गई है, शहरवासियों में उत्साह की लहर दौड़ गई। लोग सोशल मीडिया पर बधाई संदेश साझा कर रहे हैं और उम्मीद जता रहे हैं कि ट्रेन का संचालन जल्द से जल्द शुरू हो। स्थानीय युवाओं का कहना है कि इससे शिक्षा, रोजगार और पर्यटन के नए अवसर भी बढ़ेंगे।

बीकानेर के पर्यटन को भी मिलेगा बढ़ावा 

  • बीकानेर का ऐतिहासिक किला, करणी माता मंदिर, ऊंट अनुसंधान केंद्र और मरुस्थली संस्कृति पहले से ही देश-विदेश के पर्यटकों को आकर्षित करते हैं। अब जब दिल्ली जैसे बड़े केंद्र से तेज और सुविधाजनक कनेक्टिविटी मिलेगी तो बीकानेर में पर्यटन का दायरा और बढ़ेगा।
  • बीकानेर–दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस न केवल व्यापार और रोजगार के अवसरों को गति देगी बल्कि आम नागरिकों को भी तेज, आरामदायक और सुरक्षित यात्रा का अनुभव कराएगी। मरुधरा के लोग लंबे समय से इस सुविधा का इंतजार कर रहे थे और अब यह सपना पूरा होने की ओर है।