Raksha Bandhan 2025 पर अजमेर के रूपनगढ़ के दरदूंद गांव में पुराने मकान की दीवार गिरने से एक महिला और युवक मलबे में दब गए। दोनों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। निर्माण कार्य रोका गया, गांव में गम का माहौल है। 

Raksha Bandhan Tragedy : रूपनगढ़ (अजमेर)। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर खुशी का माहौल उस समय मातम में बदल गया, जब अजमेर जिले के रूपनगढ़ उपखंड के दरदूंद गांव में एक बड़ा हादसा हो गया। यहां एक पुराने मकान की दीवार गिरने से एक महिला समेत दो लोग मलबे में दब गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग तुरंत बचाव कार्य में जुट गए।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

नए मकान की नींव में लगा ग्रहण

जानकारी के अनुसार, गांव में एक पुराने मकान के पास नया भवन निर्माण का कार्य चल रहा था। नींव की खुदाई के दौरान मकान की जर्जर दीवार अचानक गिर पड़ी और वहां मौजूद महिला व एक युवक मलबे के नीचे दब गए। हादसा इतना अचानक हुआ कि किसी को संभलने का मौका ही नहीं मिला।

अजमेर प्रशासन मौके पर पहुंचा

गांव के लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस प्रशासन को दी। सूचना मिलते ही रूपनगढ़ पुलिस और 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंच गई। ग्रामीणों की मदद से मलबा हटाकर महिला और युवक को बाहर निकाला गया। दोनों को तत्काल रूपनगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। गंभीर चोटों के चलते दोनों को किशनगढ़ रेफर कर दिया गया।

दीवार गिरते ही चारों ओर अफरा-तफरी मच गई

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के समय मौके पर नींव का शिलान्यास कार्य चल रहा था और कई ग्रामीण वहां मौजूद थे। दीवार गिरते ही चारों ओर अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण इकठ्ठा हो गए, जिससे बचाव कार्य में थोड़ी दिक्कतें भी आईं। पुलिस ने हालात को देखते हुए निर्माण कार्य को फिलहाल रोक दिया है और मौके पर JCB की मदद से मलबा हटाया जा रहा है। हादसे के बाद से गांव में गम का माहौल है। रक्षाबंधन जैसे त्यौहार के दिन हुए इस हादसे ने परिवारों की खुशियां छीन लीं।