राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 28 नवंबर को लखनऊ में आयोजित भारत स्काउट्स एंड गाइड्स की 19वीं राष्ट्रीय जंबूरी के समापन समारोह में शामिल होंगी। 32,000 से अधिक प्रतिभागियों वाले इस आयोजन में राष्ट्रपति का संबोधन युवाओं को प्रेरित करेगा और उत्साह बढ़ाएगा।

लखनऊ। भारत स्काउट्स एंड गाइड्स की 19वीं राष्ट्रीय जंबूरी और डायमंड जुबली कार्यक्रम के समापन समारोह में भाग लेने के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 28 नवंबर को लखनऊ आ रही हैं। वह दोपहर 3:30 बजे डिफेंस एक्सपो ग्राउंड, सेक्टर-15 में आयोजित समापन समारोह को संबोधित करेंगी।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के संबोधन के बाद होगा सांस्कृतिक कार्यक्रम

राष्ट्रपति मुर्मु के संबोधन के बाद जंबूरी में भाग लेने वाले स्काउट्स और गाइड्स द्वारा सांस्कृतिक और मनोरंजक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। यह कार्यक्रम स्काउटिंग और गाइडिंग की विविधता और रचनात्मकता को प्रदर्शित करेगा।

32 हजार से अधिक प्रतिभागियों ने लिया जंबूरी में हिस्सा

19वीं राष्ट्रीय जंबूरी का आयोजन 23 नवंबर से लखनऊ में किया गया था। इसमें एशिया-प्रशांत क्षेत्र और देश के विभिन्न राज्यों से 32,000 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। यह आयोजन देशभर के युवाओं को एक मंच पर लाने का महत्वपूर्ण अवसर बना।

राष्ट्रपति मुर्मु की उपस्थिति से बढ़ेगा उत्साह

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु की उपस्थिति राष्ट्रीय जंबूरी में भाग ले रहीं लड़कियों और युवा स्काउट्स-गाइड्स के उत्साह को बढ़ाएगी। उनका संबोधन युवाओं के आत्मविश्वास को मजबूत करेगा और सामाजिक सद्भाव को बढ़ावा देने की प्रेरणा देगा।

राज्यपाल आनंदीबेन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहले ही कर चुके हैं कार्यक्रमों में सहभागिता

राष्ट्रीय जंबूरी का उद्घाटन प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने किया था। इसके अलावा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों उप मुख्यमंत्री और कई अन्य गणमान्य अतिथि जंबूरी के विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होकर स्काउट्स एंड गाइड्स का उत्साहवर्धन कर चुके हैं।