CM योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को त्योहारों की सुरक्षा, स्वच्छता और कानून व्यवस्था पर सख्त निर्देश दिए। मिशन शक्ति 5.0 की शुरुआत 22 सितंबर से होगी, जिसमें महिला सुरक्षा, ट्रैफिक प्रबंधन और जनसुविधाओं पर खास जोर रहेगा।

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आने वाले पर्व-त्योहार लोग खुशी और उत्साह से मनाएं। साथ ही उनकी सुरक्षा और सुविधा का पूरा ध्यान रखा जाए। उन्होंने शुक्रवार को हुई उच्चस्तरीय बैठक में पर्व-त्योहारों की तैयारियों, स्वच्छता और कानून-व्यवस्था की समीक्षा की।

बैठक में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए मंडलायुक्त, जिलाधिकारी, पुलिस आयुक्त, अपर पुलिस महानिदेशक, पुलिस महानिरीक्षक, उप महानिरीक्षक और अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने सभी प्रमुख सचिव और अपर मुख्य सचिव से विभागीय तैयारियों की जानकारी भी ली।

मिशन शक्ति 5.0 की शुरुआत

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार का मिशन शक्ति कार्यक्रम महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन का प्रतीक है। 22 सितंबर से शारदीय नवरात्रि के पहले दिन मिशन शक्ति 5.0 की शुरुआत होगी, जो एक माह तक चलेगा।

  • 21 सितंबर को महिला पुलिस कर्मियों द्वारा हर जिले में बाइक रैली निकाली जाएगी।
  • 22 सितंबर से एंटी रोमियो स्क्वायड सार्वजनिक स्थलों और स्कूलों में शोहदों पर कार्रवाई करेगी।
  • महिला बीट अधिकारी गांवों में लोगों को महिला सुरक्षा और सरकारी योजनाओं के बारे में जागरूक करेंगी।
  • पिंक बूथ सक्रिय रहेंगे।
  • मिशन शक्ति अभियान में अच्छा काम करने वाली महिलाओं को राज्य और जिला स्तर पर सम्मानित किया जाएगा।

बेहतर कानून-व्यवस्था और त्योहारों की तैयारी

CM योगी ने कहा कि बेहतर कानून-व्यवस्था और जनसहयोग से ही बीते वर्षों में त्योहार शांति और सौहार्द से संपन्न हुए हैं। आने वाले त्योहार जैसे- पितृ विसर्जन, शारदीय नवरात्रि, विजयादशमी, गांधी जयंती, लाल बहादुर शास्त्री जयंती, अग्रेसन जयंती, महर्षि वाल्मीकि जयंती, दीपोत्सव, दीपावली, काशी की देव दीपावली और छठ महापर्व – भी शांति से संपन्न हों।

उन्होंने कहा कि इस समय पूरी प्रशासनिक टीम को 24×7 अलर्ट रहना होगा। उपद्रवियों और अराजक तत्वों पर सख्ती से कार्रवाई की जाए।

सोशल मीडिया और अफवाहों पर कड़ी निगरानी

मुख्यमंत्री योगी ने अधिकारियों से कहा कि सोशल मीडिया पर नजर रखें। फेक अकाउंट और अफवाह फैलाने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाए। डिजिटल मीडिया के जरिए सही तथ्य समय पर सामने लाए जाएं। किसी भी संवेदनशील मामले पर वरिष्ठ अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और खुद स्थिति संभालें।

ट्रैफिक और सुरक्षा की विशेष योजना

त्योहारों के समय ट्रैफिक की स्थिति को देखते हुए हर शहर में अलग योजना बनाई जाए। छोटी घटना लापरवाही से बड़ा विवाद बन सकती है, इसलिए अतिरिक्त सतर्कता जरूरी है।त्वरित कार्रवाई और संवाद से अप्रिय घटनाओं को रोका जा सकता है।

स्वच्छता और बुनियादी सुविधाएं

त्योहारों के दौरान पूरे प्रदेश में स्वच्छता बनाए रखने के लिए नगर विकास और पंचायती राज विभाग विशेष प्रयास करेंगे।

  • मंदिरों में सफाई और पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित हो।
  • बिजली की आपूर्ति रोस्टर के अनुसार निर्बाध हो।
  • सड़कों की मरम्मत और नवीनीकरण समय पर पूरा हो ताकि लोगों को परेशानी न हो।

स्वास्थ्य सेवाएं और आपातकालीन व्यवस्था

  • त्योहारों के दौरान स्वास्थ्य सेवाएं लगातार उपलब्ध रहें।
  • अस्पतालों में दवाओं की पर्याप्त आपूर्ति हो।
  • स्नेक वेनम और रैबीज इंजेक्शन हर जगह उपलब्ध हों।
  • बाढ़ प्रभावित जिलों में राहत किट और सूखा राशन हर जरूरतमंद तक पहुंचे।
  • जनहानि होने पर परिवार को 24 घंटे में मुआवजा दिया जाए।
  • बाढ़ से प्रभावित परिवारों को ऊंचे स्थानों पर आवास दिए जाएं और यह घर महिला मुखिया के नाम हों।
  • गो-आश्रय स्थलों की व्यवस्था बेहतर की जाए।
  • समय से किसानों को खाद और उर्वरक उपलब्ध की जाएं।

शिकायत निस्तारण और जनसुनवाई

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आईजीआरएस, सम्पूर्ण समाधान दिवस, सीएम हेल्पलाइन और अन्य माध्यमों से आने वाली शिकायतों का समयबद्ध समाधान होना चाहिए। अधिकारी घटनाओं की रोज समीक्षा करें।

विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश 2047 अभियान

CM योगी आदित्यनाथ ने बताया कि विकसित भारत–विकसित उत्तर प्रदेश 2047 अभियान के तहत 300 से अधिक विद्वान जनपदों में लोगों से संवाद कर रहे हैं। इसी तरह हर जिले में 5 से 10 विद्वानों को चिन्हित कर जनता से सुझाव लिए जाएंगे।

यह भी पढ़ें

'वोकल फॉर लोकल' को मिलेगा बढ़ावा, सीएम योगी आदित्यनाथ ने दिए सख्त निर्देश

CM योगी सरकार का बड़ा अभियान, विकसित उत्तर प्रदेश 2047 की ओर कदम