गाजियाबाद में एकतरफा प्यार में पागल युवक की हत्या उसकी प्रेमिका ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर कर दी। युवक लड़की का पीछा करता था और उसे सड़क पर रोकता था, जिससे तंग आकर दोनों ने उसे मौत के घाट उतार दिया।

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में एकतरफा प्यार में पागल एक युवक की हत्या कर दी गई। वह जिसे प्यार करता था उसी लड़की ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर उसे मौत के घाट उतार दिया।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

मृतक युवक ने एक लड़की को प्रपोज किया था। वह लड़की पर इस कदर फिदा था कि उससे शादी करना चाहता था, लेकिन ऐसा हो न सका। लड़की ने उसके प्रेम प्रस्ताव को ठुकरा दिया। इसके बाद लड़के ने ऐसी गलती शुरू कर दी कि उसे अपनी जान गंवानी पड़ी।

लड़की का पीछा करने लगा था युवक

लड़का लड़की का पीछा करने लगा, उसे सड़क पर सबके सामने रोकने लगा। इससे तंग आकर लड़की ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी। घटना महाराजपुर की है। गाजियाबाद पुलिस ने लड़की और उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया है।

सीने में चाकू घोंपकर की नीतीश शर्मा की हत्या

पुलिस ने बताया कि शुक्रवार देर रात 21 साल के नीतीश शर्मा का शव खून से लथपथ मिला था। उसके सीने में चाकू घोंपा गया था। पीड़ित के पिता किशोर शर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि उनके बेटे की हत्या 20 साल की रानी और उसके प्रेमी 22 साल के राजू थापा ने की है।

रानी बोली- थापा से करनी थी शादी, उसे मार डाला

पुलिस ने बताया कि दोनों ने नीतीश के सीने में चाकू घोंपा, जिससे उसकी मौत हो गई। ACP साहिबाबाद रजनीश उपाध्याय ने बताया कि रानी और थापा ने हत्या की बात कबूल कर ली है। रानी ने पुलिस को बताया कि उसने नीतीश के प्रेम प्रस्ताव को ठुकरा दिया था। इसके बाद से उसने पीछा करना शुरू कर दिया था। रानी ने पुलिस को बताया, "वह कई बार रास्ते में मुझे रोकता था। मैं थापा से शादी करना चाहती थी। इसलिए हमने उसे मार डाला।"

पुलिस ने बताया कि रानी और थापा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 (1) (हत्या) के तहत मामला दर्ज किया गया है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

यह भी पढ़ें- हाथरसः स्कूल से फ़ोन आया कि बेटा बीमार, पहुंचे तो कार में मिली लाश