Kanpur News : यूपी की कानपुर से आई दर्दनाक खबर ने हर किसी को झकझोर दिया। पति-पत्नी ने पहले खूब शापिंग की और चाट-पकौड़े खाए। फिर घर जाकर परिवार से बातचीत की। इसके बाद बेडरूम में फांसी लगा ली। साजिद और सोफिया ने 77 दिन पहले बकरीद पर निकाह किया था।
Uttar Pradesh Crime News : उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले से एक ऐसी खबर सामने आई है जिसने हर किसी को झकझोर के रख दिया है। नौबस्ता थाना क्षेत्र के मछरिया इलाके में मंगलवार रात एक पति-पत्नी ने फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया। हैरान की बात यह है कि दंपत्ति की महज 77 दिन यानि ढाई महीने पहले ही लव मैरिज की थी, दोनों के परिवार इस निकाह से बेहद खुश थे, लेकिन अब खौफनाक कदम से हर कोई शॉक्ड है कि आखिर दोनों को ऐसी कौन सी बात सता रही थी जो एक साथ मरने का फैसला कर लिया।
बेपनाह मोहब्बत के बाद क्यों दुनिया को कहा अलविदा?
कानपुर की इस घटना के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है। दंपत्ति निकाह के बाद किराए के मकान में रहते थे। पुलिस ने दोनों के शव बरामद कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए हैं। मृतक दंपत्ति की पहचान मोहम्मद साजिद और उनकी पत्नी सोफिया के रूप में हुई है। पुलिस को भी आत्महत्या का कारण पता नहीं जला है, फिलहाल मामले की जांच पड़ताल जारी है। दोनों के परिवार से पूछताछ भी जारी है। वहीं दोनों के परिवार ने कहा कि हमें कभी उनके चेहरे पर गुस्सा नहीं देखा था, दोनों आपस में एक दूसरे से बेपनाह मोहब्बत करते थे। फिर क्यों दुनिया से अलविदा कह कर चले गए।
साजिद और सोफिया ने बकरीद पर किया था निकाह
साजिद और सोफिया एक दूसरे को पसंद करते थे, दोनों ने मोहब्बत ने जिंदगी भर साथ निभाने का वादा किया था। ढाई महीने पहले जून में बकरीद के दिन उन्होंने निकाह किया था। दोनों के परिवार की भी रजामंदी थी, यह निकाह से किसी को कोई गुरेज नहीं था। शादी के बाद सभी खुश थे। साजिद अपने छह भाई-बहनों में चौथे नंबर का था। वहीं सोफिया अपने माता-पिता की इकलौती संतान थी। सोफिया के पिता ने बिलखते हुए कहा-हमने अपनी बेटी के खुशियों के लिए यह निकाह किया था, साजिद बहुत अच्छा लड़का था, उसका परिवार भी हमारी बेटी को बहू नहीं मानकर बेटी समझने लगा था। किसी तरह कोई परेशानी नहीं थी। इसलिए हम हैरान है कि आखिर क्या वजह रही जिसकी वजह से इतना बड़ा कदम उठाने के लिए दोनों मजबूर हो गए।
बाजार गए शापिंग की और बेडरूम में जाकर लगा ली फांसी
वहीं इस पूरे मामले पर साजिद की बहन सबा ने बताया कि साजिद और सोफिया मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे बाजार गए थे और ढाई बजे घर लौटे थे। दोनों अपनी पसंद की खरीददारी की और नाश्ता भी किया। लौटते वक्त काफी खुश नजर आ रहे थे, उन्होंने पूरे परिवार के साथ बैठकर बातचीत भी की और जो सामान खरीद कर लाए उसे बताया भी था। इसके बाद वह अपने कमरे में चले गए। जब शाम को चाय बनी तो उन्हें चाय पीने के लिए आवाज लगाई, लेकिन कोई हलचल नहीं हई। जब खिड़की से झांककर देखा तो भैया-भाभी एक दुपट्टे से पंख पर लटके हुए थे।
Disclaimer: आत्महत्या किसी समस्या का हल नहीं है। अगर आपके मन में भी सुसाइड या खुद को चोट पहुंचाने जैसे ख्याल आ रहे हैं तो आप फौरन घर-परिवार, दोस्तों और साइकेट्रिस्ट की मदद ले सकते हैं। इसके अलावा आप इन हेल्पलाइन नंबरों पर कॉल करके भी मदद मांग सकते हैं। आसरा (मुंबई) 022-27546669, सुमैत्री (दिल्ली) 011-23389090, रोशनी (हैदराबाद) 040-66202000, लाइफलाइन 033-64643267 (कोलकाता)। स्पंदन (मध्य प्रदेश) 9630899002, 7389366696, संजीवनी: 0761-2626622, TeleMANAS 1-8008914416/14416, जीवन आधार: 1800-233-1250. मानसिक तनाव होने पर काउंसलिंग के लिए हेल्पलाइन नंबर 14416 और 1800 8914416 पर संपर्क कर घर बैठे मदद पा सकते हैं।
