प्रधानमंत्री, काशी के संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में शनिवार को महिलाओं को संबोधित कर रहे थे।

PM Modi in Varanasi: पीएम नरेंद्र मोदी ने शनिवार को बनारस में पांच हजार महिलाओं के साथ संवाद किया। महिला आरक्षण के लिए लाए गए नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर संवाद के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि नारी शक्ति वंदन कानून से हमारा लोकतंत्र और मजबूत होगा। हमने अपने शासनकाल में महिलाओं को केंद्र में रखकर काम किया। नारी शक्ति वंदन अधिनियम एक व्यापक विजन वाला कानून है। इस कानून की ताकत तब बढ़ेगी जब समाज से लेकर परिवार तक हर स्तर पर महिलाओं के लिए आगे बढ़ने के अवसर बढ़ेंगे।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

सारी राजनीतिक पार्टियां आपसे कांप रहीं

पीएम नरेंद्र मोदी ने महिलाओं से संवाद के दौरान विपक्षी दलों पर महिला आरक्षण में देरी के लिए आरोप लगाया। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी सरकार को जब दोनों सदनों में बहुमत मिली तो हमने महिलाओं के हक के लिए यह कानून पास कराया। प्रधानमंत्री ने कहा: "आप नारी शक्ति वंदन अधिनियम को ही लीजिए। तीन दशकों से यह कानून लटका था। यह आपकी ही ताकत है कि संसद के दोनों सदनों में ऐसी-ऐसी पार्टियों को इसके समर्थन में आना पड़ा, जो पहले विरोध करते नहीं थकते थे। आप माता-बहनें जागरूक और एकजुट बनी है। यही वजह है कि हिंदुस्तान की सभी राजनीतिक पार्टियां अब आपसे डर रही हैं, कांप रही हैं।’’

प्रधानमंत्री, काशी के संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में शनिवार को महिलाओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि संसद में नारी शक्ति वंदन अधिनियम जैसा ऐतिहासिक कानून पास होने के बाद सबसे पहले काशी आना मेरा सौभाग्य है। इस कानून के बन जाने से इस बार नवरात्रि का उत्साह कई गुना और बढ़ा दिया है। इस कानून से देश के लिए महिला विकास के नए रास्ते खुलेंगे, लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं की उपस्थिति बढ़ेगी।

आसपास के जिलों की महिलाएं कार्यक्रम में शामिल

संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में वाराणसी और आसपास के जिलों की प्रबुद्ध वर्ग की महिलाएं शामिल हुईं।

पूर्वांचल के पहले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का शिलान्यास 

प्रधानमंत्री गंजारी में पूर्वांचल के पहले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का शिलान्यास भी किया। यहां जनसभा को संबोधित करने के बाद हेलीकॉप्टर से संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय पहुंचे।

संवाद के बाद अटल आवासीय विद्यालय में प्रदर्शनी का उद्घाटन

संवाद के बाद पीएम मोदी सड़क मार्ग से सिगरा स्थित रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर पहुंचें। यहां अटल आवासीय विद्यालय के छात्र-छात्राओं की प्रदर्शनी का उद्घाटन करने के बाद उनसे संवाद किया। इसके बाद मुख्य सभागार में आयोजित काशी सांसद सांस्कृतिक महोत्सव के समापन समारोह में शिरकत किया। 

यह भी पढ़ें:

खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू की चंडीगढ़ व अमृतसर की सारी संपत्तियां जब्त