husband remarries while wife away: प्रयागराज में एक महिला मायके से लौटी तो उसे पता चला कि उसके पति ने दूसरी शादी कर ली है। सौतन, पति और ससुराल वालों ने मिलकर उसे मारा-पीटा और घर से निकाल दिया।
Pati Patni Aur Sautan: प्रयागराज से सामने आए इस मामले ने सबको चौंका दिया है। मायके गई एक महिला जब अपने ससुराल लौटी, तो न सिर्फ उसे सौतन मिली बल्कि पति और घरवालों की बेरहमी का शिकार भी होना पड़ा। जहां शादी निभाने का वादा किया गया था, वहीं उसे धोखा, हिंसा और बेघर होने की सजा मिली।
मायके गई थी पत्नी, पति ने दूसरी औरत को घर में बैठा लिया
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के नीबी गहरवार इलाके में एक महिला के साथ हैरान कर देने वाला धोखा हुआ है। बेदौली भींस गांव की रहने वाली अनीता देवी की शादी 27 मई 2022 को सुनील कुमार से हुई थी। एक साल बाद बेटी का जन्म हुआ, लेकिन इसके साथ ही ससुराल में दहेज को लेकर प्रताड़ना शुरू हो गई।
पीड़िता के अनुसार, पति सुनील, ससुर राम नरेश और सास सरिता देवी उसे लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने लगे। एक महीने पहले उसे बुरी तरह पीटकर मायके भेज दिया गया।
वापसी पर मिला धोखा, घर में पहले से मौजूद थी सौतन
जब अनीता 19 मई 2025 को मायके से वापस ससुराल लौटी, तो उसके पैरों तले ज़मीन खिसक गई। उसे पता चला कि उसके पति ने दो दिन पहले, यानी 17 मई को संगीता नाम की एक लड़की से शादी कर ली है और उसे घर में भी रख लिया है।
अनीता ने जब इस पर विरोध जताया, तो सौतन, पति, सास और ससुर ने मिलकर उसे गालियां दीं और जमकर पीटा। इसके बाद उसे धक्के देकर घर से बाहर निकाल दिया गया। इतना ही नहीं, परिवार वालों ने उसे धमकी दी कि अगर वह पुलिस या कोर्ट का सहारा लेगी, तो अंजाम बुरा होगा।
पंचायत हुई, पर ससुरालियों पर नहीं पड़ा कोई असर
घटना के बाद पीड़िता ने बिरादरी की पंचायत भी करवाई, लेकिन ससुराल पक्ष पर कोई असर नहीं पड़ा। उल्टा, आरोपी पक्ष अपने रुख पर अड़ा रहा और अनीता को न्याय से दूर रखने की कोशिश करता रहा।
आखिरकार, अनीता देवी ने इंस्पेक्टर मांडा शैलेंद्र सिंह को तहरीर सौंपकर पूरे मामले की जानकारी दी। पुलिस ने पति सुनील कुमार, सास सरिता देवी, ससुर राम नरेश और दूसरी पत्नी संगीता के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें: UP: देवर से था इश्क, पति ने पकड़कर पंचायत में करवा दी शादी, देखें वायरल वीडियो
















