उत्तर प्रदेश पुलिस दूरसंचार विभाग में 936 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र मिले। युवाओं ने पारदर्शी और निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया की सराहना की। कई के लिए यह पहली सरकारी नौकरी है, जिससे परिवार में खुशी का माहौल है।

लखनऊ। इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में मंगलवार को आयोजित कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश पुलिस दूरसंचार विभाग में चयनित 936 प्रधान परिचालक और प्रधान परिचालक (यांत्रिक) अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिए गए। नियुक्ति पत्र पाकर सभी अभ्यर्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे। कई अभ्यर्थियों ने बताया कि यह उनके परिवार की पहली सरकारी नौकरी है, जिसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का दिल से आभार व्यक्त किया।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया से युवाओं को मिला भरोसा

चयनित अभ्यर्थियों ने कहा कि योगी सरकार ने भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और भ्रष्टाचार मुक्त बनाया है। इससे मेहनती और योग्य युवाओं को सही अवसर मिल रहा है। प्रयागराज की महिमा यादव ने बताया कि वर्ष 2006 के बाद इतने बड़े स्तर पर सीधी भर्ती होना युवाओं के लिए बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि पूरी प्रक्रिया बेहद साफ-सुथरी और पारदर्शिता के साथ पूरी हुई है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश लगातार प्रगति कर रहा है।

सीएम योगी की कार्यशैली से युवाओं को प्रेरणा

एटा के कुशाल चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री के हाथों नियुक्ति पत्र लेना उनके लिए गर्व का पल है। उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ ने जमीन पर काम करते हुए गुंडों और माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है, जिससे प्रदेश में सुरक्षा का माहौल बना है। प्रयागराज के सौरभ मिश्रा ने कहा कि पिछले 9 वर्षों में सरकार ने जीरो टॉलरेंस नीति अपनाकर अपराध पर नियंत्रण किया है। पुलिस बल की संख्या और संसाधनों में बढ़ोतरी से कानून व्यवस्था मजबूत हुई है। उन्होंने मुख्यमंत्री की कार्यशैली को प्रेरणादायक बताया।

महिलाओं की सुरक्षा और कानून व्यवस्था में सुधार

प्रयागराज की अदिति राठौर ने कहा कि प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर बड़ा बदलाव आया है। अब महिलाएं पहले से ज्यादा सुरक्षित महसूस करती हैं। गोरखपुर की शालू गुप्ता और अयोध्या की सपना पांडेय ने भी मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया। अभिषेक कुमार ने कहा कि पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के कारण ही उन्हें इस विभाग में सेवा का अवसर मिला है।

अलीगढ़ के अरविंद ने बताया कि नियुक्ति पत्र मिलने से उनका पूरा परिवार गर्व महसूस कर रहा है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे मेहनत करते रहें, सरकार लगातार रोजगार के अवसर प्रदान कर रही है।

प्रशिक्षण के बाद करेंगे प्रदेश की सेवा

झांसी के विशाल कुमार शर्मा ने कहा कि नियुक्ति पत्र मिलना उनके जीवन का यादगार दिन है और अब वे प्रशिक्षण लेकर पूरी निष्ठा के साथ सेवा करेंगे। हेवल कुमार रत्नागर ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष रही। एटा के रामहरि ने बताया कि रेडियो और दूरसंचार विभाग में चयन उनके परिवार के लिए बहुत खुशी का अवसर है। उन्होंने कहा कि योगी सरकार में प्रतिभा और मेहनत को सम्मान मिल रहा है।