UP Seva Parv 15 Lakh Plantation In UP: 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक उत्तर प्रदेश में सेवा पर्व मनाया जाएगा। योगी सरकार 75 जिलों में 15 लाख पौधरोपण कराएगी, पर्यावरण संरक्षण, वर्षा जल संचयन और हरित भारत अभियान को बढ़ावा मिलेगा।
17 सितंबर से दो अक्टूबर तक पूरे देश में सेवा पर्व मनाया जाएगा। इस दौरान देशभर में कुल 1.25 करोड़ पौधे लगाए जाएंगे, जिसमें उत्तर प्रदेश को 15 लाख पौधरोपण का लक्ष्य मिला है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहल के तहत प्रदेश के 75 जनपदों में जनसहभागिता के माध्यम से पौधरोपण किया जाएगा और हर जनपद में प्रभागीय वनाधिकारी नोडल अधिकारी के रूप में कार्य करेंगे।
34 नगर वन-वाटिका में कम से कम 100-100 पौधे
सेवा पर्व के शुभारंभ पर 17 सितंबर को प्रदेश के 34 नगर वन-वाटिका में कम से कम 100-100 पौधरोपण कराया जाएगा। इसके अलावा पर्यावरण संरक्षण जागरूकता अभियान, वर्षा जल संचयन, स्वच्छता अभियान और वन्यजीव संरक्षण से जुड़े कई कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। सभी पौधरोपण स्थलों के फोटो और डेटा मेरी लाइफ पोर्टल पर अपलोड किए जाएंगे, ताकि रखरखाव और निगरानी सुनिश्चित हो सके।
प्रमुख सचिव (वन-पर्यावरण) अनिल कुमार ने बताया कि हर जनपद में जनसहभागिता सुनिश्चित करने के लिए प्रजातियों का चयन कर लिया गया है। जिला वृक्षारोपण समिति अन्य विभागों से समन्वय करते हुए पौधों की सुरक्षा और रखरखाव सुनिश्चित करेगी। नर्सरी एक्शन प्लान पर कार्यशाला, वन्यजीव संरक्षण पर प्रबुद्ध वर्ग संवाद, और जनपदीय मेले व प्रदर्शनियों में वन विभाग का सहयोग रहेगा।
यह भी पढ़ें: Lucknow-Kanpur बनेंगे भारत के पहले AI City Hub, योगी सरकार ने कर ली प्लानिंग
राज्यवार लक्ष्य (सर्वाधिक पौधरोपण वाले 10 राज्य)
- ओडिशा: 20 लाख
- उत्तर प्रदेश: 15 लाख
- असम: 11.50 लाख
- गुजरात: 11 लाख
- छत्तीसगढ़: 11 लाख
- मध्य प्रदेश: 8 लाख
- महाराष्ट्र: 7 लाख
- आंध्र प्रदेश: 7 लाख
- राजस्थान: 7 लाख
- बिहार: 5 लाख
सेवा पर्व 2025 के माध्यम से न केवल पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि लोगों में हरित भारत और आत्मनिर्भर भारत की भावना भी जागृत होगी।
यह भी पढ़ें: UP का व्यापार मंच बदल रहा खेल, UPITS 2025 में 5 लाख विज़िटर्स और 500 विदेशी खरीदार
