मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने YEIDA के तहत 17 निवेशकों को भूमि आवंटन पत्र दिए। निवेशकों ने यूपी के बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर, पारदर्शी व्यवस्था और जेवर एयरपोर्ट क्षेत्र की सुविधाओं की सराहना करते हुए इसे उद्योगों के लिए सबसे अनुकूल राज्य बताया।

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) के अंतर्गत 17 निवेशकों को भूमि आवंटन पत्र वितरित किए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में लगातार बढ़ रहे निवेश से रोजगार और औद्योगिक गतिविधियों को नई गति मिल रही है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

उन्होंने निवेशकों को बधाई देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार उद्योगों के लिए बेहतर माहौल और मजबूत आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है। वहीं निवेशकों ने भी मुख्यमंत्री के नेतृत्व और राज्य सरकार की नीतियों की सराहना की।

इन कंपनियों को मिला भूमि आवंटन

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंच से विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों को भूमि आवंटन पत्र सौंपे। इनमें इंटीग्रेटेड बैटरीज इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, सीईएससी ग्रीन पावर लिमिटेड, वेगा इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड, साहू इंटरनेशनल अटायर प्राइवेट लिमिटेड, क्वार्क्स टेक्नोसॉफ्ट प्राइवेट लिमिटेड और एमेड्यूज इंडिया प्राइवेट लिमिटेड जैसी कंपनियां शामिल रहीं।

इसके अलावा वर्चुअल इम्प्लाई प्राइवेट लिमिटेड, समरकूल होम अप्लायंसेज लिमिटेड, ऋद्धि सिद्धि पेपर्स, जेएमवी एलपीएस प्राइवेट लिमिटेड, अर्सेनल इंफोसाल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड, साईंनाथ सेल्स एंड सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड और एमएए पेट प्राइवेट लिमिटेड को भी भूमि आवंटित की गई।

साथ ही एजीलिटी इलेक्ट्रोटेक्निक्स प्राइवेट लिमिटेड, एनडीएसबी इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड, अल्फा कम्युनिकेशन एलएलपी और एडवांस पैनल्स एंड स्विचगियर्स प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधियों को भी आवंटन पत्र प्रदान किए गए।

निवेशकों ने यूपी के औद्योगिक माहौल की सराहना की

सीईएससी ग्रीन पावर लिमिटेड के अंशुल खंडेलवाल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को “आधुनिक उत्तर प्रदेश का शिल्पकार” बताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में पिछले एक दशक में प्रदेश में बड़े स्तर पर बदलाव देखने को मिले हैं। उन्होंने कहा कि उद्योगों को बेहतर गति, पारदर्शिता और मजबूत आधारभूत ढांचे की आवश्यकता होती है और उत्तर प्रदेश में ये सभी सुविधाएं उपलब्ध हैं। उनका कहना था कि निवेश और उद्योग लगाने के लिए यूपी से बेहतर माहौल कहीं और नहीं है।

जेवर एयरपोर्ट क्षेत्र की सुविधाओं की हुई तारीफ

अंशुल खंडेलवाल ने कहा कि जेवर एयरपोर्ट के आसपास विकसित की जा रही सुविधाएं विश्वस्तरीय हैं। उन्होंने दावा किया कि इस क्षेत्र में जितनी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, वैसी सुविधाएं अब चीन में भी आसानी से देखने को नहीं मिलतीं। उन्होंने कहा कि उनकी कंपनी यहां सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित करेगी और सोलर सेक्टर में उत्तर प्रदेश को अग्रणी राज्य बनाने की दिशा में काम करेगी। साथ ही कंपनी में 40 से 50 प्रतिशत महिलाओं को रोजगार देने का लक्ष्य भी रखा गया है।

उद्योग लगाने के लिए यूपी में मिला सकारात्मक माहौल

इंटीग्रेटेड बैटरीज इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के एसके महाजन ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में ऐसा इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित किया है, जिससे उद्योग स्थापित करना आसान हुआ है। उन्होंने बताया कि पिछले पांच वर्षों में उन्हें तीन बार आवंटन पत्र मिले और वे सभी उद्योगों में बदल चुके हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में उद्योग लगाने के दौरान समस्याएं कम आती हैं और यदि कोई दिक्कत होती भी है तो उसका समाधान जल्दी हो जाता है।

लॉकडाउन के दौरान भी सरकार ने बढ़ाया निवेश

एसके महाजन ने कहा कि जब पूरी दुनिया कोरोना लॉकडाउन से जूझ रही थी, तब भी उत्तर प्रदेश सरकार उद्योग लगाने के लिए निवेशकों से संपर्क कर रही थी। उन्होंने बताया कि 24 अप्रैल 2020 को उन्हें लखनऊ से फोन कर उद्योग लगाने के लिए आमंत्रित किया गया और 5 मई 2020 को आवंटन पत्र भी दे दिया गया। उनकी कंपनी आज लगभग 500 लोगों को रोजगार दे रही है, जबकि ग्रेटर नोएडा में स्थापित फैक्ट्री में 250 लोगों को रोजगार मिला है। उन्होंने कहा कि यूपी सरकार की नीतियों और सहयोग की वजह से निवेशकों को सकारात्मक वातावरण मिला है, जिससे उद्योग तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।