मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में पूर्व सैनिकों और शहीद परिवारों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'मन की बात' कार्यक्रम का 136वां संस्करण सुना और आत्मनिर्भर भारत के संदेश की सराहना की।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को देहरादून स्थित गांधी पार्क में पूर्व सैनिकों और शहीद सैनिकों के परिजनों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' के 136वें संस्करण को सुना। इस दौरान कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और पूर्व सैन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

'मन की बात' समाज को सकारात्मक दिशा देने वाला कार्यक्रम : मुख्यमंत्री धामी

कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 'मन की बात' कार्यक्रम आज देशवासियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रभावी माध्यम बन चुका है। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम समाज के अलग-अलग वर्गों को प्रेरित करता है और जनभागीदारी के जरिए राष्ट्र निर्माण के संदेश को हर घर तक पहुंचाता है।

Scroll to load tweet…

रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर भारत पर प्रधानमंत्री मोदी के संदेश की सराहना

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार प्रधानमंत्री ने डीआरडीओ (DRDO) की उपलब्धियों, रक्षा उत्पादन में भारत की बढ़ती आत्मनिर्भरता, रक्षा उत्पादों के निर्यात, जल संरक्षण, पारंपरिक हस्तशिल्पों के संरक्षण और 'वोकल फॉर लोकल' जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का यह संदेश आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को और मजबूत करने वाला है और देशवासियों को स्वदेशी उत्पादों को अपनाने के लिए प्रेरित करता है।

रक्षा, विज्ञान और नवाचार में भारत लगातार बना रहा नई पहचान

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत रक्षा, विज्ञान, प्रौद्योगिकी, नवाचार और आर्थिक विकास जैसे क्षेत्रों में लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है। उन्होंने कहा कि देश आज हर क्षेत्र में तेज गति से आगे बढ़ रहा है और सीमांत क्षेत्रों का विकास भी तेजी से हो रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश के आम नागरिकों के सपनों को साकार करने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है।

कार्यक्रम में ये जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

गांधी पार्क में आयोजित इस कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक मुन्ना सिंह चौहान, दायित्वधारी सुभाष बड़थ्वाल, सचिव युगल किशोर पंत, मेजर जनरल सम्मी सभरवाल (सेवानिवृत्त) सहित अनेक गणमान्य नागरिक, पूर्व सैनिक और अधिकारी उपस्थित रहे।