मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड में सड़क, पेयजल, विद्युत, आपदा राहत, पुनर्वास और आधारभूत ढांचा विकास से जुड़ी परियोजनाओं के लिए ₹289 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति दी। कई जिलों को बड़ी सौगात मिली।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित और सुगम बनाने, पेयजल, सड़क, न्यायिक, आपदा राहत तथा अन्य जनहित से जुड़ी परियोजनाओं के लिए कुल 289 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इन फैसलों से राज्य के कई जिलों में विकास कार्यों को गति मिलेगी।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

हरिद्वार, चंपावत और अल्मोड़ा को मिली नई सौगात

मुख्यमंत्री ने हरिद्वार के भूपतवाला क्षेत्र में पाइपलाइन बिछाने के लिए 4.67 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। चंपावत विधानसभा क्षेत्र में शहरी विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं के लिए 1 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। इसके अलावा अल्मोड़ा जिले के कनालीछीना विकासखंड की ग्राम पंचायत सुरूण स्थित कालसीन देवता मंदिर में धर्मशाला निर्माण, मार्ग चौड़ीकरण और सौंदर्यीकरण कार्यों के लिए 27.02 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं किच्छा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम दरऊ में डॉ. भीमराव अंबेडकर पार्क और तालाब के सौंदर्यीकरण के लिए 25 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं।

पंतनगर विश्वविद्यालय और गंगोलीहाट विद्युत परियोजना को बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर के लिए कुल 150 करोड़ रुपये की स्वीकृत राशि में से पहली किस्त के रूप में 75 करोड़ रुपये जारी करने का अनुमोदन दिया है। साथ ही पिथौरागढ़ जिले के गंगोलीहाट विधानसभा क्षेत्र के पांखू में विद्युत सब-स्टेशन निर्माण परियोजना के लिए स्वीकृत 9.43 करोड़ रुपये में से 5 करोड़ रुपये जारी किए जाने की मंजूरी दी गई है।

देहरादून में पेयजल और ट्रैफिक सुधार कार्यों को मिली मंजूरी

देहरादून की उत्तर शाखा के अंतर्गत राष्ट्रपति आशियाना में बागवानी के लिए एसटीपी उपचारित जल उपलब्ध कराने हेतु 2.81 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। मसूरी विधानसभा क्षेत्र की अपर सौंधोवाली रिवर वैली पेयजल योजना के लिए 4.24 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। इसके अलावा देहरादून नगर क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने, प्रमुख चौराहों के आधुनिकीकरण और सड़क सुरक्षा सुधार कार्यों के लिए 33.45 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है।

आपदा राहत और पुनर्वास के लिए करोड़ों रुपये का प्रावधान

मुख्यमंत्री ने पिथौरागढ़ जिले की विभिन्न तहसीलों के कुल 78 प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और विस्थापन के लिए 3.81 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। इनमें धारचूला, मुनस्यारी, तेजम, बंगापानी, पिथौरागढ़, बेरीनाग, कनालीछीना और डीडीहाट क्षेत्र के परिवार शामिल हैं। इसके अतिरिक्त वन्यजीवों से होने वाली मानव मृत्यु, पशु, फसल और मकान क्षति के मामलों के भुगतान हेतु पूर्व वर्षों की लंबित देनदारियों के लिए 20 करोड़ रुपये तथा भविष्य में आने वाली मांगों को देखते हुए 10 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इस प्रकार कुल 30 करोड़ रुपये राज्य आपदा मोचन निधि से जारी किए जाएंगे। वहीं आपदा प्रबंधन विभाग की विश्व बैंक सहायता प्राप्त यू-प्रिपेयर परियोजना के लिए 75 करोड़ रुपये की मंजूरी भी दी गई है।

खटीमा विधानसभा क्षेत्र में सड़क और न्यायिक भवन निर्माण को हरी झंडी

उधमसिंहनगर जिले के खटीमा विधानसभा क्षेत्र में ग्राम जोगीढेर नगला में 6 किलोमीटर लंबी हॉटमिक्स सड़क के निर्माण के लिए 6.02 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। मुख्य सड़क से खकरा क्रोकोडाइल ट्रेल तक मोटर मार्ग निर्माण के लिए 3.45 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। इसके अलावा खटीमा दीवानी न्यायालय परिसर में आवासीय भवनों के निर्माण हेतु 1 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है।

सहस्त्रधारा हेलीपैड और हरिद्वार जिला न्यायालय को मिलेगा नया स्वरूप

मुख्यमंत्री ने सहस्त्रधारा स्थित हेलीपैड परिसर में उत्तराखंड सिविल एविएशन डेवलपमेंट अथॉरिटी के मौजूदा कॉन्फ्रेंस हॉल, वेटिंग लाउंज और अन्य निर्माण कार्यों के लिए 1.36 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। हरिद्वार जिला न्यायालय में सीसीटीवी कैमरों की स्थापना और संयोजन कार्य के लिए 1.28 करोड़ रुपये की वित्तीय मंजूरी प्रदान की गई है।

पेयजल योजनाओं के लिए नाबार्ड के तहत बड़ी राशि स्वीकृत

पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के अंतर्गत नाबार्ड सहायता प्राप्त सहसपुर ऑगमेंटेशन पेयजल योजना के लिए 21 करोड़ रुपये तथा शंकरपुर-हुकुमतपुर ऑगमेंटेशन पेयजल योजना के लिए 19 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

चंपावत और गंगोलीहाट में धार्मिक व सामाजिक विकास कार्यों को बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने चंपावत स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय मटौली में विद्यार्थियों के लिए ओपन जिम निर्माण हेतु 99.44 लाख रुपये मंजूर किए हैं। मां पूर्णागिरि धाम के सेमागाड़ गांव में इंटरलॉकिंग टाइल्स बिछाने के कार्य के लिए 19.68 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा पिथौरागढ़ जिले की गंगोलीहाट नगर पालिका क्षेत्र में मां हाटकालिका मंदिर मार्ग और विभिन्न वार्डों में एलईडी स्ट्रीट लाइट लगाने के कार्यों को मुख्यमंत्री घोषणा में शामिल करने का अनुमोदन प्रदान किया गया है।

शहीद भूपाल सिंह के नाम पर होगा बल्टा मोटर मार्ग

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अल्मोड़ा विधानसभा क्षेत्र में पीएमजीएसवाई से हस्तांतरित पपरसैली-बल्टा मोटर मार्ग का नाम शहीद स्वर्गीय भूपाल सिंह उपनिरीक्षक कीर्ति चक्र के नाम पर रखने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। अब यह मार्ग "शहीद स्व. श्री भूपाल सिंह उपनिरीक्षक कीर्ति चक्र मोटर मार्ग" के नाम से जाना जाएगा।