चम्पावत की सीएम घोषणाओं की समीक्षा में प्रमुख सचिव रमेश कुमार सुधांशु ने अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। कई परियोजनाओं को मिली गति।
प्रमुख सचिव वित्त श्री रमेश कुमार सुधांशु की अध्यक्षता में सोमवार को सचिवालय में चम्पावत विधानसभा क्षेत्र से जुड़ी मुख्यमंत्री घोषणाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में वर्ष 2021 से अब तक की विभागवार लंबित घोषणाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।
प्रमुख सचिव ने स्पष्ट कहा कि मुख्यमंत्री घोषणाओं को केवल औपचारिकता के तौर पर नहीं देखा जाए, बल्कि उन्हें प्राथमिकता के आधार पर तय समयसीमा में पूरा किया जाए। उन्होंने विभागाध्यक्षों को हर सप्ताह और विभागीय सचिवों को प्रत्येक 15 दिन में प्रगति की समीक्षा करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी विभागों में नोडल अधिकारी नियुक्त करने और पोर्टल पर नियमित अपडेट दर्ज करने को भी कहा गया।
शासनादेश जारी करने और लंबित मामलों के निस्तारण पर जोर
बैठक के दौरान प्रमुख सचिव ने कहा कि जिन मुख्यमंत्री घोषणाओं के शासनादेश अभी तक जारी नहीं हुए हैं, उन्हें जल्द से जल्द जारी किया जाए। उन्होंने विभागों को आपसी समन्वय बनाकर उन प्रस्तावों पर भी कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए जिन्हें समायोजित या विलोपित किया जाना है। इस संबंध में पूरी जानकारी घोषणा सेल को उपलब्ध कराने को भी कहा गया।
गोल्ज्यू कॉरिडोर परियोजना को आगे बढ़ाने के निर्देश
बैठक में बताया गया कि गोलू देवता, घोड़ाखाल और चितई मंदिरों को जोड़कर विशेष गोल्ज्यू कॉरिडोर विकसित करने की घोषणा पर महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। परियोजना को व्यय वित्त समिति की संस्तुति और मुख्यमंत्री की मंजूरी मिल चुकी है। इस पर प्रमुख सचिव ने संबंधित पत्रावली तत्काल वित्त विभाग को भेजने के निर्देश दिए ताकि आगे की प्रक्रिया तेजी से पूरी की जा सके।
जिम कॉर्बेट ट्रेल और चूका ट्रेक रूट पर समीक्षा
चम्पावत में प्रस्तावित जिम कॉर्बेट ट्रेल परियोजना को लेकर जानकारी दी गई कि पूर्व में नामित लोक निर्माण विभाग के स्थान पर अब उत्तराखण्ड राज्य अवस्थापना विकास निगम (ब्रिडकुल) को कार्यदायी संस्था बनाया गया है। प्रमुख सचिव ने इस संबंध में शीघ्र शासनादेश जारी करने और एक सप्ताह के भीतर विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। बैठक में यह भी बताया गया कि चूका ट्रेक रूट सुदृढ़ीकरण का कार्य आंशिक रूप से पूरा किया जा चुका है।
सीवर लाइन, खेल मैदान और धार्मिक स्थलों के विकास पर निर्देश
प्रमुख सचिव ने जिलाधिकारी चम्पावत को नगर क्षेत्र में सीवर लाइन कार्य का यूयूएसडीए के साथ परीक्षण कर 15 दिन के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। इसके अलावा जवाहर नवोदय विद्यालय लटौली में खेल मैदान के विस्तार के लिए आवश्यक प्रस्ताव युवा कल्याण विभाग को भेजने के निर्देश दिए गए। हनुमान मंदिर मेला स्थल के सौंदर्यीकरण के मामले में वन क्षेत्र से बाहर होने की रिपोर्ट भेजते हुए प्रस्ताव धर्मस्व एवं पर्यटन विभाग को अग्रसारित करने को कहा गया। नारियाल गांव में एबीसी सेंटर (श्वान बंधियाकरण केंद्र) की स्थापना के मामले में भी जल्द निर्णय लेकर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
टनकपुर-बनबसा विद्युत स्टेशन परियोजना पर प्रगति
बैठक में जानकारी दी गई कि टनकपुर और बनबसा क्षेत्र में 220/33 केवी विद्युत स्टेशन की स्थापना के लिए शासनादेश जारी हो चुका है और अनुबंध प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है। परियोजना पर कार्य जारी है। प्रमुख सचिव ने पारेषण लाइन के लिए 0.9552 हेक्टेयर वन भूमि को गैर-वानिकी उपयोग में परिवर्तित करने की सैद्धांतिक स्वीकृति हेतु वन एवं पर्यावरण विभाग के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
सड़क चौड़ीकरण और मल्टी स्टोरी पार्किंग परियोजनाएं हुईं पूरी
समीक्षा बैठक में बताया गया कि गुरु गोरखनाथ धाम तक जाने वाली सड़क के चौड़ीकरण का कार्य पूरा हो चुका है। इसके अलावा चम्पावत रोडवेज स्टेशन में आधुनिक सुविधाओं से युक्त मल्टी स्टोरी पार्किंग और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स निर्माण का कार्य भी पूर्ण कर लिया गया है। बैठक में विभिन्न विभागों के सचिव, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, वन विभाग के अधिकारी तथा अन्य संबंधित विभागों के उच्चाधिकारी मौजूद रहे।


