उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने रुद्रपुर में कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कांग्रेस को 'भ्रष्टाचार की जननी' बताते हुए कहा कि पार्टी SIR के मुद्दे पर देश में अराजकता फैला रही है।

रुद्रपुर। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कांग्रेस पर 'अराजकता और नकारात्मकता की राजनीति' करने का आरोप लगाया। सीएम धामी ने कहा कि वोटर लिस्ट के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) को लेकर कांग्रेस देश में अशांति फैलाने की कोशिश कर रही है। ऊधमसिंह नगर जिले के रुद्रपुर स्थित गांधी पार्क में बीजेपी ने 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' रैली का आयोजन किया था। इसी रैली को संबोधित करते हुए सीएम धामी ने ये बातें कहीं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य के अन्य बीजेपी नेताओं के साथ मार्च का नेतृत्व भी किया।

SIR प्रक्रिया के खिलाफ कांग्रेस के विरोध प्रदर्शनों पर पलटवार करते हुए धामी ने विपक्ष की आपत्तियों पर सवाल उठाए। उन्होंने याद दिलाया कि वोटर लिस्ट का रिवीजन कोई पहली बार नहीं हो रहा है। सीएम ने कहा,

कांग्रेस अराजकता और नकारात्मकता की राजनीति कर रही है। कभी वे SIR के मुद्दे पर अराजकता फैलाते हैं। क्या SIR पहली बार हो रहा है? विपक्ष के लोग 'न्याय यात्रा' निकाल रहे हैं।

कांग्रेस के पुराने इतिहास का जिक्र करते हुए धामी ने उसे 'भ्रष्टाचार की जननी' करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस देश में अराजकता का माहौल बनाना चाहती है। CM धामी ने आगे कहा,

अगर किसी पार्टी ने भ्रष्टाचार को जन्म दिया है, तो वह कांग्रेस ही है। जिन्होंने भ्रष्टाचार को पैदा किया, वही लोग आज देश में अराजकता फैलाने का काम कर रहे हैं।

रुद्रपुर में यह कार्यक्रम बीजेपी के 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' मार्च के तहत आयोजित किया गया था, जिसमें सीएम धामी और प्रदेश नेतृत्व ने हिस्सा लिया। दरअसल, चुनाव आयोग के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) के खिलाफ विपक्ष लगातार प्रदर्शन कर रहा है। इसी के जवाब में बीजेपी ने यह काउंटर-मार्च निकाला। इस मार्च में बीजेपी कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भारी भीड़ उमड़ी। पूरे जुलूस के दौरान लोगों के हाथों में राष्ट्रीय ध्वज शान से लहराते दिखे।

आपको बता दें कि यह मार्च ऐसे समय में निकाला गया है, जब हाल ही में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए थे। नई दिल्ली के रामलीला मैदान में इंडिया (INDIA) ब्लॉक की एक मेगा रैली को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा था कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को उनके पद से हटाकर जेल भेजा जाएगा। राहुल ने उन पर देश में कथित तौर पर वोट चोरी कराने का आरोप लगाया था।