देहरादून में बीएलओ से अभद्रता के मामले पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सख्त रुख अपनाया है। सभी जिलों को दोषियों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

देहरादून। उत्तराखंड में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान देहरादून जनपद में एक बूथ लेवल अधिकारी (BLO) के साथ अभद्र व्यवहार किए जाने के मामले को मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने गंभीरता से लिया है। इस घटना के बाद निर्वाचन विभाग ने सभी जिलों को सख्त निर्देश जारी किए हैं।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने कहा कि चुनाव संबंधी कार्यों में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना आवश्यक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी बीएलओ के साथ दुर्व्यवहार या अभद्रता की घटनाओं को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने प्रदेश के सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देशित किया है कि यदि किसी भी क्षेत्र में बूथ लेवल अधिकारी या निर्वाचन कार्य में लगे फील्ड स्टाफ के साथ असामाजिक तत्वों द्वारा अभद्रता या बाधा उत्पन्न करने जैसी घटनाएं सामने आती हैं, तो संबंधित लोगों के खिलाफ तत्काल और कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जानी चाहिए और कानून के अनुसार उचित कदम उठाए जाने चाहिए।

विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में जुटे हैं बीएलओ

डॉ. पुरुषोत्तम ने बताया कि वर्तमान समय में पूरे प्रदेश में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान संचालित किया जा रहा है। इस महत्वपूर्ण कार्य में बूथ लेवल अधिकारी घर-घर जाकर मतदाता संबंधी सूचनाओं का सत्यापन कर रहे हैं और पूरी मेहनत एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बीएलओ निर्वाचन प्रक्रिया की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और उनका योगदान मतदाता सूची को सटीक एवं अद्यतन बनाए रखने में अहम भूमिका निभाता है।

फील्ड स्टाफ का मनोबल गिराने वाली घटनाएं अस्वीकार्य

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि बीएलओ और अन्य फील्ड कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार की घटनाएं उनके मनोबल को प्रभावित करती हैं। ऐसे कृत्य न केवल सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करते हैं, बल्कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया को भी प्रभावित करने का प्रयास होते हैं। उन्होंने कहा कि निर्वाचन कार्यों में लगे कर्मचारियों को सुरक्षित और सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराना सभी की जिम्मेदारी है।

मतदाताओं से सहयोग की अपील

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने प्रदेश के सभी मतदाताओं से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि नागरिक बीएलओ और फील्ड स्टाफ को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराएं तथा अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का शुद्ध और अद्यतन होना लोकतंत्र को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, इसलिए सभी नागरिकों की सहभागिता आवश्यक है।