चीन में एक ह्यूमनॉइड रोबोट अपनी बैटरी रिचार्ज करने के लिए भीख मांग रहा है। पैसे मांगने के लिए उसके पास QR कोड और एक प्लेट है। यह घटना सोशल मीडिया पर वायरल हो गई है, जिससे लोग हैरान हैं।
हम सबने इंसानों को तो भीख मांगते देखा ही है। कभी-कभी पालतू जानवर भी अपने मालिक के लिए ऐसा करते दिख जाते हैं। लेकिन क्या आपने कभी किसी रोबोट को भीख मांगते देखा है? चीन से एक ऐसा ही हैरान करने वाला वीडियो सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। इसमें एक ह्यूमनॉइड रोबोट सड़क पर लोगों से पैसे मांग रहा है, क्योंकि उसकी 'बैटरी खत्म' हो गई है और उसे रिचार्ज के लिए पैसों की जरूरत है।

'रिचार्ज के पैसे नहीं हैं, कुछ मदद कर दो'
यह वायरल वीडियो चीन के सिचुआन प्रांत के एक फुटपाथ का है। वीडियो में एक ह्यूमनॉइड रोबोट घुटनों के बल बैठा है और आने-जाने वाले लोगों के सामने हाथ जोड़े हुए है। उसके पास पैसे रखने के लिए एक छोटी प्लेट और डिजिटल पेमेंट के लिए एक QR कोड भी रखा है। एक LED बोर्ड और लाउडस्पीकर पर बार-बार एक ही मैसेज चल रहा है - "रिचार्ज के लिए पैसे नहीं हैं" और "बिजली का बिल भरने में मदद करें"।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस रोबोट की पहचान यूनिट्री जी1 (Unitree G1) के तौर पर हुई है, जिसे चीन की रोबोटिक्स फर्म यूनिट्री (Unitree) ने बनाया है। यह वही कंपनी है जो इस साल की शुरुआत में तब चर्चा में आई थी, जब उसके एक दूसरे G1 रोबोट ने इक्वाडोर के चिम्बोराजो ज्वालामुखी पर चढ़ाई की थी।
चीन में रोबोट भी मांगने लगे भीख
वीडियो वायरल होते ही इंटरनेट पर लोगों ने तरह-तरह के कमेंट्स करने शुरू कर दिए। कुछ लोगों ने मजाक में लिखा, "अब रोबोट भिखारियों की भी जगह ले रहे हैं।" तो किसी ने कहा, "लगता है AI का राज अब रुक गया है।" वहीं, कई लोग यह सोचकर हैरान हैं कि क्या यह कोई मार्केटिंग स्टंट है, परफॉर्मेंस आर्ट है या फिर पैसे कमाने का कोई नया तरीका।
वीडियो में कुछ लोग प्लेट में सिक्के डालते और कुछ QR कोड स्कैन करके पैसे भेजते हुए भी दिखे। रिपोर्ट्स की मानें तो यह कोई अकेली घटना नहीं है। HK01 की एक रिपोर्ट के अनुसार, बीजिंग, चेंगदू और फ़ूझोउ जैसे शहरों में भी ऐसे ही "रोबोट भिखारी" देखे गए हैं। वे अक्सर "मेरे फोन को चार्ज करने के लिए पैसे नहीं हैं" जैसे मैसेज के साथ पेमेंट कोड दिखाते हैं।
