करवा चौथ पर चांद देखने के लिए बार-बार छत पर जाने की जरूरत नहीं है। अपनी स्मार्टवॉच और मोबाइल पर 'Moonrise Alert' सेट करके आप आसानी से जान सकते हैं कि चांद कब निकलेगा।

Karwa Chauth Moonrise Alert: करवा चौथ के दिन सबसे थकाऊ काम क्या होता है? दिनभर बिना पानी पिए रहने के बाद, शाम को बार-बार सीढ़ियां चढ़कर छत पर जाना और देखना कि चांद निकला या नहीं। कई बार तो हम छत पर जाते हैं, चांद नहीं होता और नीचे आते ही कोई बता देता है कि चांद तो निकल गया। कई बार ये काफी ज्यादा परेशान कर देती है। इस बार ये पुरानी टेंशन छोड़िए। आपके स्मार्टवॉच और स्मार्टफोन की एक सेटिंग से आपको खुद छत जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी और चांद निकलते ही आपकी घड़ी और फोन खुद वाइब्रेट करके आपको इसकी जानकारी दे देंगे। आइए जानते हैं कैसे...

फोन में ऐसे सेट करें चांद निकलने का अलर्ट

सबसे पहले आपको अपने शहर में चंद्रोदय का समय यानी चांद निकलने का समय पता करना होगा। ध्यान रखें कि चांद निकलने का समय हर शहर में एक जैसा नहीं होता है। इसलिए इंटरनेट पर अपने शहर का नाम लिखकर करवा चौथ का चंद्रोदय समय देखें। किसी भरोसेमंद पंचांग या मौसम की जानकारी देने वाली वेबसाइट से समय कंफर्म कर लें। समय पता चलने के बाद फोन में रिमाइंडर सेट कर दें।

Android फोन में ऐसे लगाएं रिमाइंडर

  • अपने फोन में Clock ऐप खोलें।
  • नीचे दिए गए Alarm ऑप्शन पर जाएं।
  • प्लस (+) के निशान पर टैप करें।
  • अपने शहर में चंद्रोदय के समय से 10 मिनट पहले का समय डालें।
  • अलार्म का नाम 'Moonrise Alert' या 'चांद निकलने का समय' रख सकते हैं।
  • अब सेव पर टैप कर दें।
  • आपका रिमाइंडर तैयार है। तय समय पर फोन आपको अलर्ट कर देगा। चाहें तो चंद्रोदय के समय का एक दूसरा अलार्म भी लगा सकते हैं।

iPhone में ऐसे सेट करें अलर्ट

  • आईफोन में Clock ऐप खोलें।
  • Alarm सेक्शन में जाएं।
  • ऊपर दिए गए प्लस (+) बटन पर टैप करें।
  • चंद्रोदय से 10 मिनट पहले का समय चुनें।
  • Label में 'Moonrise Alert' लिखें।
  • अब Save पर टैप कर दें।
  • आप चाहें तो आईफोन के रिमाइंडर्स ऐप में भी इसी समय का रिमाइंडर बना सकते हैं। इससे आपको तय समय पर नोटिफिकेशन मिल जाएगा।

स्मार्टवॉच पर भी कैसे मिलेगा Moonrise Alert?

Apple Watch यूजर्स क्या करें

  • अपने iPhone में Watch ऐप खोलें।
  • My Watch सेक्शन पर जाएं।
  • Notifications पर टैप करें।
  • यहां उन ऐप्स की नोटिफिकेशन चालू रखें जिनसे आप अलर्ट पाना चाहते हैं।
  • अगर ऐप में 'Mirror my iPhone' का ऑप्शन दिखता है, तो उसे चुनें।
  • अब फोन पर आने वाली कई नोटिफिकेशन आपकी ऐपल वॉच पर भी दिखाई दे सकती हैं। हालांकि, फोन अनलॉक होने पर नोटिफिकेशन फोन पर और लॉक या स्लीप मोड में होने पर घड़ी पर आ सकती है। ये ऐपल के नोटिफिकेशन सिस्टम पर निर्भर करता है।

Android Smartwatch यूजर्स क्या करें

  • फोन में अपनी स्मार्टवॉच की कनेक्टेड ऐप खोलें।
  • Notifications या App Notifications सेक्शन में जाएं।
  • Clock या Reminder ऐप की नोटिफिकेशन चालू करें।
  • फोन में एक टेस्ट अलार्म लगाकर देखें कि घड़ी पर अलर्ट आता है या नहीं।
  • ध्यान रखें कि अलग-अलग कंपनियों की स्मार्टवॉच में सेटिंग के नाम थोड़े अलग हो सकते हैं। इसलिए एक बार टेस्ट करना न भूलें।

अगर सिर्फ फोन है, तो ये 2 फ्री Apps करेंगे मदद

Google Assistant का इस्तेमाल

अपने फोन में गूगल असिस्टेंट खोलें और बोलें, 'OK Google, मेरे शहर में चांद कब निकलेगा?' गूगल जो टाइम बताए (मान लीजिए रात 8:15), तो ठीक 8:12 का एक अलार्म अपने फोन में सेट कर लें।

Free Moon Apps

आप प्ले स्टोर से 'My Moon Phase' या 'Daff Moon Phase' जैसी बिल्कुल फ्री ऐप डाउनलोड कर सकते हैं। इन ऐप्स में 'Moonrise Alert' का एक खास फीचर होता है। जैसे ही आपके इलाके में चांद क्षितिज (Horizon) के ऊपर आएगा, आपका फोन जोर से बजने लगेगा।

डिस्क्लेमर: ये आर्टिकल सिर्फ सामान्य जानकारी और तकनीकी मदद (Tech Hack) के लिए है। इसमें बताए गए ऐप्स (Apps) और स्मार्टवॉच के 'मून-अलर्ट' (Moon Alert) का समय मौसम, बादलों और आपकी सटीक भौगोलिक स्थिति के कारण थोड़ा ऊपर-नीचे हो सकता है। किसी भी थर्ड-पार्टी ऐप को डाउनलोड करने से पहले उसकी प्राइवेसी और परमिशन जरूर चेक कर लें। करवा चौथ का व्रत खोलने का अंतिम निर्णय अपने स्थानीय पंचांग, पारिवारिक परंपराओं या असल में चांद दिखने के आधार पर ही लें। हम किसी विशेष ऐप का व्यावसायिक प्रचार नहीं करते हैं।