Mobile Lost Emergency Steps: मोबाइल खो जाए तो सबसे पहले क्या करना चाहिए ताकि बैंक अकाउंट और UPI सेफ रहे? फोन चोरी होने के बाद कौन-कौन से ऐप्स और अकाउंट सबसे ज्यादा खतरे में होते हैं? पहले 10 मिनट में क्या-क्या करना चाहिए, जिससे मोबाइल और पर्सनल डेटा किसी के हाथ न लगे?
Phone Lost What to Do: आज हर किसी के मोबाइल फोन में बैंक अकाउंट, पर्सनल फोटोज, सोशल मीडिया अकाउंट्स और कई जरूरी चीजें होती हैं। ऐसे में अगर कभी फ़ोन खो जाए या चोरी हो जाए, तो हाथ-पांव फूल जाते हैं। सबसे बड़ा डर सिर्फ नया फोन खरीदने का नहीं होता बल्कि इस बात का होता है कि कहीं कोई आपके बैंक अकाउंट, UPI या पर्सनल डेटा तक पहुंच न जाए। लोग अक्सर घबराकर फोन ढूंढने में घंटों बर्बाद कर देते हैं। अगर आपने इस दौरान सही कदम नहीं उठाए, तो कोई भी आपके बैंक खाते को पलक झपकते ही साफ कर सकता है। ऐसे में फोन खोने के बाद बिना वक्त गंवाए तुरंत 5 काम करने चाहिए।

सिम कार्ड को तुरंत ब्लॉक करवाएं
जैसे ही फोन गायब हो, सबसे पहला काम अपने टेलीकॉम ऑपरेटर (Jio, Airtel, Vi, BSNL) के कस्टमर केयर को कॉल करना है। उनसे कहकर अपना सिम कार्ड तुरंत ब्लॉक करवाएं। चोर आपके फोन का लॉक भले न खोल पाए, लेकिन वह आपकी सिम निकालकर दूसरे फोन में डाल सकता है। इसके बाद आपके नंबर पर आने वाले बैंक OTP (वन-टाइम पासवर्ड) के जरिए वह आपके सारे पैसे उड़ा सकता है। सिम ब्लॉक होते ही चोर के हाथ खाली रह जाएंगे।
बैंकिंग ऐप्स और इंटरनेट बैंकिंग बंद करें
सिम ब्लॉक करने के ठीक बाद अपने बैंक को इंफॉर्म करें। आप बैंक के हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करके अपनी नेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग ऐप और यूपीआई (UPI) सर्विसेज़ को तुरंत फ्रीज या ब्लॉक करवा सकते हैं। इसके अलावा, अगर आप Google Pay, PhonePe या Paytm जैसी ऐप्स इस्तेमाल करते हैं, तो इनके कस्टमर सपोर्ट पर कॉल करके अपने वॉलेट और यूपीआई आईडी को भी ब्लॉक करवा दें। इससे चोर चाहकर भी आपके अकाउंट से एक रुपया भी ट्रांसफर नहीं कर पाएगा।
CEIR पोर्टल पर फोन को ब्लैकलिस्ट करें
भारत सरकार का एक बहुत ही शानदार पोर्टल है, जिसका नाम CEIR (Central Equipment Identity Register) है। इस सरकारी वेबसाइट पर जाकर आप अपने खोए हुए फोन को ब्लैकलिस्ट में डलवा सकते हैं। इससे फोन हमेशा के लिए एक बेकार का डिब्बा बना सकता है। इसके लिए वेबसाइट पर जाएं और अपने फोन का IMEI नंबर डालकर उसे ब्लॉक कर दें। इसके बाद चोर उसमें कोई भी नया सिम कार्ड डालकर उसे इस्तेमाल नहीं कर पाएगा। सबसे अच्छी बात यह है कि अगर चोर उस फोन को ऑन करेगा, तो पुलिस को तुरंत उसकी लोकेशन मिल जाएगी।
गूगल या ऐपल अकाउंट से डेटा डिलीट करें
अगर आपके पास कोई दूसरा फो या लैपटॉप है, तो तुरंत अपने गूगल अकाउंट (Android यूज़र्स के लिए) या आईक्लाउड अकाउंट (iPhone यूज़र्स के लिए) में लॉग इन करें। वहां आपको 'Find My Device' या 'Find My' का ऑप्शन मिलेगा। इसके जरिए आप घर बैठे-बैठे अपने खोए हुए फोन का सारा पर्सनल डेटा, फोटोज़ और पासवर्ड्स हमेशा के लिए डिलीट (Erase) कर सकते हैं। इससे आपका डेटा गलत हाथों में पड़ने से बच जाएगा।
पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराएं
आखिरी और सबसे जरूरी काम है पुलिस में शिकायत दर्ज कराना। अब इसके लिए आपको थाने के चक्कर काटने की जरूरत नहीं है, आप ऑनलाइन भी 'Lost Property' की शिकायत दर्ज कर सकते हैं। इस शिकायत की कॉपी (FIR/NC) संभालकर रखें। भविष्य में अगर आपके फ़ोन का इस्तेमाल करके कोई गलत या गैरकानूनी काम किया जाता है, तो यह पुलिस रिपोर्ट आपको किसी भी कानूनी मुसीबत से बचाएगी। साथ ही, नया सिम कार्ड निकलवाने के लिए भी यह रिपोर्ट काम आएगी।


