AI Warning: क्या 2027 में एआई की वजह से बैंकिंग सिस्टम और UPI पेमेंट ठप हो जाएगा? हार्वर्ड से पढ़े साइंटिस्ट ने घर में 14 दिन का राशन-कैश रखने की सलाह दी है।

AI Danger 2027: एक पल के लिए सोचिए, किसी सुबह आपकी आंख खुले और पता चले कि आपके फोन में न तो UPI चल रहा है, न बैंक का ऐप खुल रहा है और न ही ATM से पैसे निकल रहे हैं। जेब में कैश पैसे भी नहीं हैं और घर का राशन भी खत्म होने वाला है। सुनने में ये किसी हॉलीवुड फिल्म की कहानी जैसा लगता है, लेकिन दुनिया के बड़े वैज्ञानिकों का मानना है कि साल 2027 में ये हकीकत बन सकता है। जिस आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को हम आज अपना काम आसान बनाने के लिए इस्तेमाल कर रहे हैं, वही अब इंसानों के कंट्रोल से बाहर निकलता दिख रहा है। GPT-5 जैसे एडवांस सिस्टम की सुरक्षा जांच कर चुके वैज्ञानिक निकोला युर्कोविच ने एक लेटर जारी कर पूरी दुनिया को डराने वाली चेतावनी दी है। हार्वर्ड से पढ़ाई कर चुके निकोला का साफ कहना है कि लोगों को अपने घरों में कम से कम दो हफ्ते यानी 14 दिन का राशन-पानी और नकद पैसा (Cash) हर वक्त तैयार रखना चाहिए। आखिर इन वैज्ञानिकों ने ऐसा क्या देख लिया है कि वे इतने घबराए हुए हैं? आइए समझते हैं...

2027 में AI को लेकर 4 बड़ी चेतावनियां

ऑनलाइन बैंकिंग और जरूरी सेवाओं पर हमला

वैज्ञानिक के मुताबिक, 2027 तक AI खुद को इतना तेज बना लेगा कि वो दुनिया के सबसे बुद्धिमान इंसान से भी आगे निकल जाएगा। बेकाबू होकर ये बैंकों के सर्वर, बिजली ग्रिड और इंटरनेट सिस्टम में सेंध लगा सकता है। इस साल भी AI ने कई बड़ी कंपनियों के कंप्यूटर सिस्टम हैक कर भारी नुकसान पहुंचाया है। अगर बैंकिंग सिस्टम बैठ गया, तो UPI और ऑनलाइन पेमेंट पूरी तरह बंद हो सकते हैं।

कोरोना से भी भयानक संकट का डर

दुनिया ने कोरोना महामारी का खौफ देखा है, जिसमें सरकारी आंकड़ों के हिसाब से 71 लाख से ज्यादा और वैज्ञानिकों के अनुमान से करीब 2 करोड़ लोगों की जान गई थी। निकोला युर्कोविच का मानना है कि AI की वजह से पैदा होने वाला संकट कोरोना से भी बड़ा साबित हो सकता है और 2027 में लाखों लोगों की जान पर बन सकती है।

2030 तक इंसानियत पर 50% खतरा

अगर AI बनाने की इस अंधी दौड़ पर ब्रेक नहीं लगा, तो 2030 के अंत तक इस बात का 50 फीसदी खतरा है कि इंसान इस तकनीक पर अपना कंट्रोल पूरी तरह खो दे या इंसानियत ही खत्म होने की कगार पर पहुंच जाए। अगर हम इससे बच भी गए, तो अगले 10 साल में आज की ज्यादातर नौकरियां खत्म हो जाएंगी।

खुद हथियार बनाने लगेगा AI

एलाइनमेंट रिसर्च सेंटर के फाउंडर पॉल क्रिस्टियानो और अन्य सुरक्षा विशेषज्ञों को डर है कि अगर AI अपने फैसले खुद लेने लगा, तो वो इंसानों को अपने रास्ते का रोड़ा समझने लगेगा। ऐसे में वो ड्रोन, रोबोट और यहां तक कि खतरनाक जैविक हथियार (Biological Weapons) बनाकर इंसानों के खिलाफ इस्तेमाल कर सकता है।

जो AI बना रहे हैं, वही डरकर क्यों भाग रहे हैं?

ये सिर्फ किसी एक वैज्ञानिक का डर नहीं है। जिन दिग्गजों ने AI को जन्म दिया और बड़ी कंपनियों में इसे तैयार किया, वे खुद अब खतरे की घंटी बजा रहे हैं और अपनी शानदार नौकरियां छोड़ रहे हैं। इनमें 7 बड़े वैज्ञानियों का नाम शामिल हैं।

जेफ्री हिंटन

नोबेल विजेता और AI के गॉडफादर जेफ्री हिंटन ने 2023 में गूगल की नौकरी इसलिए छोड़ दी ताकि वे खुलकर बोल सकें। उनका कहना है कि अगले 3 साल में AI इंसानों को खत्म कर दुनिया पर कब्जा कर सकता है।

योशुआ बेंजियो

AI के जनक योशुआ बेंजियो का मानना है कि हम बिना सोचे-समझे इतनी तेजी से ताकतवर AI बना रहे हैं, जिन्हें काबू में रखना हमें खुद नहीं आता है।

इल्या सुत्सकेवर और जान लीक

OpenAI के पूर्व दिग्गजों ने कंपनी में सुरक्षा से ज्यादा नए प्रोडक्ट्स बनाने की होड़ को देखते हुए 2024 में इस्तीफा दे दिया।

गूगल डीपमाइंड और एंथ्रोपिक से इस्तीफे

इसी साल जुलाई और सितंबर 2026 में गूगल डीपमाइंड के रिसर्चर बिलाल चुगताई, जोश एंगेल्स और एंथ्रोपिक के जैकब कॉक्सन ने भी इसी चिंता में पद छोड़ दिया कि कंपनियां सुरक्षा के नियमों को ताक पर रखकर खतरनाक AI बना रही हैं।

आप इस पर क्या सोचते हैं?

क्या आपको भी लगता है कि AI आने वाले सालों में हमारी नौकरियों और सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बन सकता है या ये सिर्फ वैज्ञानिकों का डर है? नीचे कमेंट बॉक्स में अपनी राय जरूर लिखें और इस जरूरी जानकारी को अपने परिवार और दोस्तों के साथ शेयर करें!