WhatsApp New Update: वॉट्सऐप ने एक नया फीचर शुरू कर दिया है। जिससे फोन स्विच-ऑफ होने पर भी तय समय पर टेक्स्ट, फोटो और वीडियो भेजे जा सकेंगे। जानें यूज करने का तरीका।

WhatsApp Message Schedule Feature: वॉट्सएप चलाने वाले करोड़ों लोगों के लिए एक बेहद काम की खबर आई है। अक्सर ऐसा होता है कि हमें किसी खास दोस्त को रात ठीक 12 बजे बर्थडे विश करना होता है या सुबह-सुबह बॉस को कोई जरूरी फाइल भेजनी होती है, लेकिन या तो हम सो जाते हैं या फिर ऐन वक्त पर फोन की बैटरी खत्म हो जाती है। अब इस झंझट से हमेशा के लिए छुटकारा मिल गया है। वॉट्सएप ने आधिकारिक तौर पर 'मैसेज शेड्यूल' (Message Schedule) फीचर जारी कर दिया है। इस नए अपडेट की सबसे चौंकाने वाली बात ये है कि एक बार टाइम सेट करने के बाद, अगर आपका फोन स्विच-ऑफ भी हो जाए, तब भी तय वक्त पर सामने वाले को मैसेज पहुंच जाएगा। आइए जानते हैं क्या है ये नया फीचर और कैसे काम करता है...

वॉट्सऐप का नया 'टाइम-सेटिंग' फीचर क्या है?

अब आप अपना मैसेज आज लिखकर रख सकते हैं और घड़ी का टाइम सेट कर सकते हैं कि वो किस दिन और कितने बजे डिलीवर हो। आप कम से कम 10 मिनट बाद से लेकर अगले 14 दिन तक के किसी भी दिन और समय के लिए मैसेज शेड्यूल कर सकते हैं। इस फीचर से सिर्फ टेक्स्ट ही नहीं, आप फोटो और वीडियो भी पहले से टाइम सेट करके भेज सकते हैं। ये फीचर आपकी पर्सनल चैट और ऑफिस या फैमिली ग्रुप, दोनों जगह काम करेगी। जब तय समय पर मैसेज डिलीवर होगा, तो पाने वाले को ये बिल्कुल नॉर्मल मैसेज जैसा ही दिखेगा। उसे भनक भी नहीं लगेगी कि आपने इसे पहले से सेट करके रखा था।

WhatsApp पर मैसेज शेड्यूल कैसे करें?

  • सबसे पहले जिस दोस्त या ग्रुप को मैसेज भेजना है, उसकी चैट खोलें और अपना मैसेज टाइप करें या फोटो-वीडियो चुनें।
  • मैसेज लिखने के बाद हरे रंग के 'Send' बटन पर तुरंत क्लिक न करें, बल्कि उसे थोड़ी देर दबाकर (Press & Hold) रखें।
  • स्क्रीन पर 'Schedule Message' का विकल्प खुल जाएगा। यहां अपनी पसंद की तारीख और सटीक समय सेट करें।
  • टाइम कंफर्म करते ही आपका मैसेज शेड्यूल हो जाएगा। अब चाहे आप सो जाएं या आपका फोन बंद हो जाए, तय सेकंड पर मैसेज खुद-ब-खुद चला जाएगा।
  • अगर भेजने से पहले आपका मन बदल जाए, तो आप इसे डिलीट भी कर सकते हैं।

क्या आपकी वॉट्सऐप चैट सुरक्षित रहेगी और कब तक मिलेगा ये अपडेट?

वॉट्सएप ने साफ किया है कि शेड्यूल किए गए सभी मैसेज पूरी तरह एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन से सुरक्षित रहेंगे। इसका आसान मतलब यह है कि आपके और मैसेज पाने वाले के अलावा बीच में कोई भी यहां तक कि खुद वॉट्सएप भी आपके मैसेज या फोटो को नहीं देख सकता है।

वॉट्सऐप का नया फीचर आपके फोन में नहीं दिख रहा तो क्या करें?

कंपनी ने भारत समेत दुनियाभर में इस फीचर को जारी करना शुरू कर दिया है, लेकिन ये एक साथ सभी के फोन में नहीं आएगा। फिलहाल कुछ चुनिंदा यूजर्स को ये मिल चुका है और बाकी लोगों तक पहुंचने में कुछ हफ्ते लग सकते हैं। इसलिए Google Play Store या Apple App Store पर जाकर अपना वॉट्सएप तुरंत अपडेट (Update) कर लें।