WhatsApp Privacy Tips: क्या कोई चुपके से आपके वॉट्सऐप मैसेज पढ़ रहा है? जानें इसका पता लगाने का आसान तरीका और इसके बाद क्या करना चाहिए, ताकि कोई कभी चैट्स न देख पाए।

WhatsApp Hacked Check Trick: आजकल हमारी पूरी दुनिया वॉट्सऐप में ही सिमटी है। दोस्तों से गपशप, ऑफिस के जरूरी डॉक्यूमेंट्स, बैंक की डिटेल्स और पर्सनल फोटो, सब कुछ वॉट्सऐप पर ही शेयर होता है। लेकिन जरा सोचिए, अगर आपकी ये प्राइवेट चैट्स कोई और अपने फोन या लैपटॉप पर चुपके से पढ़ रहा हो तो? सुनने में थोड़ा अजीब और डरावना लगता है, लेकिन ऐसा होना बहुत आम होता जा रहा है। कई बार हम ऑफिस के कंप्यूटर या किसी दोस्त के लैपटॉप में अपना वॉट्सऐप लॉग-इन (Log In) करते हैं और लॉग-आउट (Log Out) करना भूल जाते हैं। या फिर कोई चुपके से आपका फोन 1 मिनट के लिए मांगता है और QR कोड स्कैन करके आपका वॉट्सऐप अपने डिवाइस में चालू कर लेता है। लेकिन इससे आपको टेंशन लेने की जरूरत नहीं है। आप सिर्फ 30 सेकंड में इसका पता लगा सकते हैं ये जान सकते हैं कि कोई आपकी जासूसी तो नहीं कर रहा। आइए जानते हैं इसका सबसे आसान तरीका...

वॉट्सऐप पर कौन पढ़ रहा चैट्स, कैसे पता लगाएं?

  • सबसे पहले अपने फोन में WhatsApp ओपन करें।
  • अगर आपके पास एंड्रॉइड (Android) फोन है, तो ऊपर राइट साइड में दिख रहे 3 डॉट्स (⋮) पर क्लिक करें।
  • अगर आप आईफोन (iPhone) यूजर हैं, तो नीचे दिख रहे सेटिंग्स (Settings) वाले गियर आइकन पर टैप करें।
  • अब मेन्यू में आपको 'लिंक्ड डिवाइस' (Linked Devices) का एक ऑप्शन दिखेगा। इस पर क्लिक करें।
  • यहां आपको एक लिस्ट दिखाई देगी। इस लिस्ट में उन सभी कंप्यूटर, लैपटॉप या ब्राउजर (जैसे Google Chrome या अन्य) का नाम होगा, जहां आपका वॉट्सऐप इस वक्त खुला हुआ है या चल रहा है।
  • अगर लिस्ट में आपको Mac OS, Windows, या Google Chrome जैसा कोई ऐसा नाम दिख रहा है, जिसे आपने खुद लॉग-इन नहीं किया है, तो समझ जाइए कि कोई आपकी चैट्स पढ़ रहा है।

इसे तुरंत हटाने का तरीका क्या है?

  • उस अनजान डिवाइस या नाम पर टैप करें।
  • स्क्रीन पर 'Log Out' (लॉग आउट) का लाल रंग का बटन दिखेगा, उसे दबा दें।
  • ऐसा करते ही सामने वाले के फोन या लैपटॉप से आपका वॉट्सऐप तुरंत बंद हो जाएगा और वो आपकी चैट्स नहीं पढ़ पाएगा।

WhatsApp को सेफ रखने के तरीके

अगर आप चाहते हैं कि कभी भी कोई आपकी मर्जी के बिना आपका वॉट्सऐप अपने फोन में न खोल पाए, तो आज ही ये दो सेटिंग्स जरूर ऑन कर लें।

Two-Step Verification (टू-स्टेप वेरिफिकेशन)

  • वॉट्सऐप की सेटिंग्स में जाएं > Account पर क्लिक करें > Two-Step Verification पर जाएं और इसे 'Turn On' कर दें।
  • इसमें आपको 6 अंकों का एक पिन (PIN) बनाना होगा।
  • इसके बाद अगर कोई आपका सिम हैक भी कर ले, तो बिना इस पिन के वो आपका वॉट्सऐप नहीं खोल पाएगा।

App Lock (ऐप लॉक)

अपने वॉट्सऐप पर हमेशा फिंगरप्रिंट लॉक या फेस आईडी लगाकर रखें, ताकि अगर आपका फोन अनलॉक्ड भी हो, तो कोई दूसरा व्यक्ति आपका वॉट्सऐप न खोल सके।

डिस्क्लेमर: ये आर्टिकल सिर्फ सामान्य जानकारी, जागरूकता और यूजर्स की रोजमर्रा की सुविधा (Utility) के लिए लिखा गया है। वॉट्सऐप के फीचर्स और सेटिंग्स समय-समय पर अपडेट होते रहते हैं। यूजर्स अपनी प्राइवेसी बनाए रखने के लिए टू-स्टेप वेरिफिकेशन जैसी सेटिंग्स ऑन रख सकते हैं। जरूरत पड़े तो किसी एक्सपर्ट की सलाह भी जरूर लें।