WhatsApp-Telegram चलाने वालों के लिए अलर्ट है। 1 जनवरी से नया 'SIM-binding' नियम लागू हो रहा है। बिना एक्टिव सिम वाले अकाउंट्स ब्लॉक हो सकते हैं। जानिए आपको क्या करना है।
WhatsApp New Rules: वॉट्सऐप, टेलीग्राम और सिग्नल (Signal) इस्तेमाल करने वालों के लिए बड़ा बदलाव हो सकता है। भारत में नए SIM-बाइंडिंग नियमों के तहत मैसेजिंग ऐप्स को यूजर के अकाउंट और उसके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर के SIM के बीच लिंक बनाए रखना होगा। इसके लिए 31 दिसंबर तक का समय तय किया गया है और नए नियम 1 जनवरी से लागू होने की उम्मीद है। इस बदलाव का असर उन लोगों पर पड़ सकता है, जो बिना रजिस्टर्ड SIM के मैसेजिंग ऐप इस्तेमाल करते हैं या ऐसे मोबाइल नंबर से अकाउंट चला रहे हैं, जो अब चालू नहीं है।
WhatsApp चलाने का तरीका 1 जनवरी से बदल सकता है
अभी तक क्या होता है कि जब आप वॉट्सऐप बनाते हैं, तो पहली बार एक OTP (वेरिफिकेशन कोड) आता है। एक बार नंबर वेरिफाई होने के बाद आप आराम से ऐप चलाते रहते हैं। यहां तक कि अगर आप फोन से सिम कार्ड निकाल भी दें, तो भी वाई-फाई के जरिए आपका अकाउंट चलता रहता है। लेकिन अगर नियम लागू हुआ, तो 1 जनवरी से ऐसा नहीं होगा। नए नियम के तहत आपके मैसेजिंग अकाउंट और मोबाइल के सिम कार्ड के बीच एक लिंक होना जरूरी है। मतलब अब सिर्फ एक बार का वेरिफिकेशन काफी नहीं होगा। कंपनियों को यह चेक करना पड़ सकता है कि जिस नंबर से आपका अकाउंट चल रहा है, वो सिम कार्ड आपके फोन में मौजूद है या नहीं।
सरकार क्यों ला रही है ये नियम?
सरकार ने यह कड़ा कदम ऑनलाइन धोखाधड़ी (Cyber Fraud) को रोकने के लिए उठाया है। आजकल स्कैमर्स मोबाइल नंबर और मैसेजिंग ऐप्स का इस्तेमाल करके लोगों को ठग रहे हैं। इसी पर लगाम लगाने के लिए यह नियम लाया गया है।
किन लोगों की बढ़ सकती है टेंशन?
- अपने फोन से रजिस्टर्ड सिम कार्ड निकालकर रखते हैं।
- बार-बार फोन बदलते हैं।
- कंप्यूटर या टैबलेट पर अकाउंट चलाते हैं।
- किसी ऐसे नंबर से अकाउंट चला रहे हैं, जो सिम काफी समय से बंद (Inactive) पड़ा है।
31 दिसंबर से पहले क्या करें?
- जिस नंबर से आपका वॉट्सऐप या टेलीग्राम चल रहा है, उस सिम को अपने फोन में डालकर रखें यानी एक्टिव रखें।
- अगर आप किसी ऐसे नंबर से ऐप चला रहे हैं जिसकी सिम खो गई है या बंद हो चुकी है, तो उसे दोबारा एक्टिव करवा लें।
- अगर ऐप नए नियम के तहत वेरिफिकेशन मांगता है, तो आपको वो नंबर दोबारा वेरिफाई करना पड़ सकता है। सिम पास न होने पर आपको अकाउंट का एक्सेस मिलने में परेशानी हो सकती है।
क्या 1 जनवरी से सभी WhatsApp अकाउंट बंद हो जाएंगे?
नहीं, 1 जनवरी से सभी वॉट्सऐप अकाउंट बंद नहीं होंगे। इसका असर इस बात पर निर्भर करेगा कि वॉट्सऐप और दूसरे मैसेजिंग प्लेटफॉर्म नए नियमों को कैसे लागू करते हैं। जिन यूजर्स के पास रजिस्टर्ड नंबर का चालू SIM है, उन्हें घबराने की जरूरत नहीं है। वहीं, बिना रजिस्टर्ड SIM के अकाउंट चलाने वाले या बंद नंबर का इस्तेमाल करने वाले यूजर्स को अपने अकाउंट की जानकारी चेक कर लेनी चाहिए।
WhatsApp New Rules FAQs: नए नियम से जुड़े पूछे जाने वाले सवाल-जवाब
WhatsApp के नए SIM-बाइंडिंग नियम कब से लागू होंगे?
उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, नए नियम 1 जनवरी से लागू होने की उम्मीद है और अनुपालन की समयसीमा 31 दिसंबर बताई गई है।
क्या SIM निकालने से WhatsApp बंद हो जाएगा?
जरूरी नहीं। इसका असर ऐप के नियमों और SIM-बाइंडिंग लागू करने के तरीके पर निर्भर करेगा।
क्या कंप्यूटर पर WhatsApp चलाने वालों पर भी असर पड़ेगा?
कंप्यूटर और टैबलेट पर अकाउंट इस्तेमाल करने के तरीके में बदलाव हो सकता है। इसका सही असर संबंधित ऐप के लागू किए गए नियमों पर निर्भर करेगा।
वॉट्सऐप यूजर्स को अभी क्या करना चाहिए?
अपने अकाउंट से जुड़े मोबाइल नंबर की जांच करें और सुनिश्चित करें कि जरूरत पड़ने पर उस नंबर पर वेरिफिकेशन कोड मिल सके।
डिस्क्लेमर: ये आर्टिकल सिर्फ सामान्य जानकारी के लिए है। नियमों की लागू होने की तारीख और उनके वास्तविक असर की पुष्टि के लिए संबंधित सरकारी आदेश और WhatsApp, Telegram और Signal की आधिकारिक जानकारी जरूर देखें।









