OpenAI ने GPT-5.6 के लिए 'बायो बग बाउंटी प्रोग्राम' की घोषणा की है। इसके बायोसेफ्टी सिस्टम में बड़ी खामी खोजने पर $50,000 का इनाम मिलेगा, जो पिछले प्रोग्राम से दोगुनी राशि है। इसका लक्ष्य AI को और सुरक्षित बनाना है।
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की दिग्गज कंपनी OpenAI ने रिसर्चर्स के लिए एक बड़ा ऐलान किया है। अगर कोई उनके नए GPT-5।6 मॉडल के बायोसेफ्टी सिक्योरिटी सिस्टम में कोई बड़ी खामी ढूंढ निकालता है, तो उसे 50,000 डॉलर (यानी 47 लाख रुपये से ज़्यादा) का इनाम मिलेगा। यह ऐलान कंपनी के 'बायो बग बाउंटी प्रोग्राम' के तहत किया गया है। OpenAI ने पहले GPT-5।5 मॉडल के लिए भी ऐसा ही प्रोग्राम चलाया था, जिसे अब GPT-5।6 के लिए भी बढ़ा दिया गया है। खास बात यह है कि इनाम की अधिकतम रकम 25,000 डॉलर से बढ़ाकर 50,000 डॉलर कर दी गई है।
इस प्रोग्राम के ज़रिए OpenAI ऐसे 'यूनिवर्सल जेलब्रेक' तरीकों को खोजना चाहती है, जो GPT-5।6 के बायोसेफ्टी नियमों को लगातार तोड़ सकें। इसका मतलब सिर्फ एक बातचीत में नहीं, बल्कि अलग-अलग हालात में भी सेफ्टी फीचर्स को चकमा देने वाले प्रॉम्प्ट्स या तकनीक का पता लगाना है। कंपनी का मानना है कि भविष्य के AI सिस्टम को और ज़्यादा सुरक्षित बनाने के लिए ऐसी कमियों को पहले से जानना बहुत ज़रूरी है।
इनाम सिर्फ़ उन्हें ही नहीं मिलेगा जो पूरी तरह से सुरक्षा में सेंध लगा देंगे, बल्कि थोड़ी-बहुत काम की जानकारी देने वाले रिसर्चर्स को भी इनाम दिया जाएगा। इनाम की रकम इस बात पर निर्भर करेगी कि आपकी खोज कितनी दमदार और असरदार है। OpenAI ने यह भी साफ किया है कि GPT-5।5 बायो बग बाउंटी प्रोग्राम के मौजूदा शेड्यूल में कोई बदलाव नहीं होगा। रिसर्चर्स 27 जुलाई, 2026 तक उस मॉडल पर टेस्टिंग जारी रख सकते हैं। इसके बाद इस प्रोग्राम में सिर्फ़ GPT-5।6 ही शामिल होगा।
इस बायो बग बाउंटी प्रोग्राम में हिस्सा लेने के लिए आपको OpenAI की ऑफिशियल वेबसाइट पर जाकर एप्लीकेशन पेज पर रजिस्टर करना होगा। एप्लीकेशन में आपको अपना नाम, संस्था और इस फील्ड में काम का अनुभव जैसी जानकारी देनी होगी। कंपनी ने बताया है कि अप्लाई करने वालों के पास एक ChatGPT अकाउंट होना ज़रूरी है। साथ ही, टेस्टिंग प्लेटफॉर्म पर जाने से पहले एक नॉन-डिस्क्लोजर एग्रीमेंट (NDA) पर भी साइन करना होगा, ताकि कोई भी खुफिया जानकारी बाहर न जाए। OpenAI ने यह भी कहा है कि जो रिसर्चर्स पहले से GPT-5।5 बग बाउंटी प्रोग्राम के लिए अप्लाई कर चुके हैं, उन्हें दोबारा अप्लाई करने की ज़रूरत नहीं है।
