Oracle Job Cuts: AI निवेश के बीच ओरेकल ने एक ई-मेल भेज कर अपने 500 कर्मचारियों को उनकी नौकरी पर संकट की जानकारी दी है। जानिए छंटनी की वजह, प्रभावित टीमें और पूरा मामला।
Why is Oracle Laying Off Employees: दुनिया की दिग्गज टेक कंपनी ओरेकल (Oracle) ने एक बार फिर बड़े स्तर पर कर्मचारियों की छंटनी (Oracle Layoffs) शुरू कर दी है। इस बार सबसे ज्यादा असर कंपनी के रोमानिया (Romania) ऑपरेशन पर देखने को मिल रहा है, जहां करीब 500 कर्मचारियों की नौकरियों पर खतरा (Oracle Job Cuts) मंडरा रहा है। खास बात यह है कि पिछले एक साल से भी कम समय में रोमानिया में ओरेकल की यह दूसरी बड़ी छंटनी (Oracle Romania Layoffs) है। कंपनी की इस रणनीति ने कर्मचारियों के बीच अनिश्चितता बढ़ा दी है, क्योंकि कई लोगों को अचानक ईमेल के जरिए बताया गया कि उनकी नौकरी खत्म हो सकती है।

AI और Data Center पर फोकस बना ओरेकल छंटनी की सबसे बड़ी वजह
जानकारी के मुताबिक Oracle इस समय आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और बड़े डेटा सेंटर प्रोजेक्ट्स पर तेजी से निवेश (Oracle AI Investment) कर रही है। इन महंगे निवेशों के लिए कंपनी अपने खर्चों में कटौती करना चाहती है और इसी वजह से कर्मचारियों की संख्या कम की जा रही है। कंपनी का मानना है कि भविष्य की टेक्नोलॉजी AI आधारित होगी, इसलिए संसाधनों को उसी दिशा में लगाया जा रहा है। बताया जा रहा है कि Romania में Oracle के करीब 4,000 कर्मचारी हैं और इनमें से लगभग 500 से अधिक लोग इस नई छंटनी से प्रभावित हो सकते हैं। इससे साफ है कि यह केवल सीमित स्तर की कटौती नहीं बल्कि बड़े पैमाने पर किया जा रहा पुनर्गठन है।
एक साथ नहीं, चरणबद्ध तरीके से भेजे गए नोटिस
कर्मचारियों के मुताबिक उन्हें एक साथ कोई आधिकारिक घोषणा नहीं मिली। HR की ओर से अलग-अलग समय पर ईमेल भेजे गए, जिनमें लिखा था कि संबंधित कर्मचारी "प्रस्तावित रूप से प्रभावित" हैं। इस शब्दावली ने कई लोगों के बीच भ्रम पैदा कर दिया, क्योंकि उन्हें तुरंत नौकरी से नहीं निकाला गया था। ईमेल अलग-अलग समय पर पहुंचने के कारण बाकी कर्मचारियों में भी पूरे दिन यह चिंता बनी रही कि अगला नोटिस कहीं उन्हें तो नहीं मिलने वाला। कई कर्मचारियों का कहना है कि नोटिस मिलने के बाद भी उनका Slack और अन्य आंतरिक सिस्टम चालू रहे।
ओरेकल के कई विभाग आए छंटनी के दायरे में, सिर्फ एक टीम नहीं हुई प्रभावित
यह छंटनी किसी एक विभाग तक सीमित नहीं है। ओरेकल क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर (OCI), डेटाबेस टेक्नोलॉजीज, कस्टमर सक्सेस सर्विसेज, फ्यूजन एप्लीकेशन्स, ओरेकल हेल्थ, इंडस्ट्रीज एप्लीकेशन्स, जनरल और एडमिनिस्ट्रेटिव समेत कई बिजनेस यूनिट्स में कर्मचारियों को प्रभावित किया गया है। यानी इंजीनियरिंग, टेक्निकल सपोर्ट और एडमिनिस्ट्रेटिव टीमों तक इसका असर पहुंचा है।
Oracle की कमाई बढ़ी, फिर भी क्यों घट रही नौकरियां?
वित्तीय आंकड़ों के अनुसार रोमानिया में Oracle की आय पिछले साल के मुकाबले बढ़ी है, लेकिन इसके बावजूद कंपनी ने लागत घटाने की रणनीति अपनाई है। माना जा रहा है कि आने वाले समय में AI इंफ्रास्ट्रक्चर पर होने वाला भारी निवेश ही इस फैसले की मुख्य वजह है। कर्मचारियों के बीच चर्चा है कि प्रभावित लोगों को सेवा अवधि के आधार पर सेवरेंस पैकेज, अतिरिक्त वेतन और कुछ समय का गार्डन लीव मिल सकता है। हालांकि कंपनी ने आधिकारिक तौर पर प्रभावित कर्मचारियों की संख्या या पैकेज की पुष्टि नहीं की है। फिलहाल इतना तय माना जा रहा है कि Oracle का यह कदम केवल रोमानिया तक सीमित नहीं है, बल्कि वैश्विक टेक इंडस्ट्री में AI-केंद्रित बदलाव की बड़ी तस्वीर का हिस्सा है।


