जैक डॉर्सी की कंपनी 'ब्लॉक' AI को अपनाकर लागत घटाने के लिए 4,000 कर्मचारियों की छंटनी कर रही है। कंपनी का कुल कार्यबल 10,000 से घटाकर 6,000 किया जाएगा। यह फैसला AI द्वारा काम संभालने के कारण लिया गया है।

AI Impact Alert: अमेरिकी फिनटेक कंपनी 'ब्लॉक' ने अपने कर्मचारियों के लिए एक बड़ी छंटनी का ऐलान किया है। खबर है कि करीब 4,000 लोगों की नौकरी जाएगी। 'ब्लॉक' ट्विटर के पूर्व सीईओ जैक डॉर्सी की कंपनी है। कंपनी का कहना है कि इस बड़ी छंटनी के पीछे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) टेक्नोलॉजी का बढ़ता दखल एक मुख्य कारण है। कंपनी का मानना है कि जो काम पहले इंसान करते थे, उनमें से कई काम अब AI टूल्स की मदद से ज़्यादा तेज़ी और सटीकता से किए जा सकते हैं। जैक डॉर्सी ने साफ किया कि भले ही कंपनी मुनाफे में है, लेकिन नए दौर में कर्मचारियों की संख्या घटानी ही पड़ेगी। 

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

उन्होंने नौकरी से निकाले जा रहे लोगों को अच्छे फायदे देने का भी वादा किया है। जैक डॉर्सी ने बताया कि कस्टमर सर्विस और इंजीनियरिंग जैसे क्षेत्रों में AI का इस्तेमाल बढ़ाकर कंपनी अपने ऑपरेशनल खर्च को काफी कम कर सकती है। उन्होंने कहा, ''मुझे नहीं लगता कि हम यह फैसला जल्दी ले रहे हैं। मेरा मानना है कि दूसरी कंपनियां लोगों को निकालने में देरी कर रही हैं।'' 

उन्होंने यह भी कहा कि यह उनकी कंपनी के इतिहास का सबसे मुश्किल फैसला है। ब्लॉक ने पहले ही ऐलान कर दिया था कि वह अपनी कंपनी में कर्मचारियों की संख्या सीमित करेगी। फिलहाल, कंपनी में 10,000 कर्मचारी हैं, जिसे घटाकर 6,000 किया जाएगा। आर्थिक जानकारों का मानना है कि जैसे-जैसे टेक्नोलॉजी सेक्टर में AI क्रांति तेज़ होगी, आने वाले दिनों में और भी ग्लोबल टेक कंपनियां इसी तरह की छंटनी कर सकती हैं।