AC Error Codes Meaning: क्या आपके AC पर E1, E2, P1 या F5 जैसे कोड दिखाई दे रहे हैं? जानिए इन AC Error Codes का असली मतलब, कौन-सी खराबी का देते हैं संकेत और कैसे बच सकते हैं गलत रिपेयरिंग खर्च और मैकेनिक की ठगी से।

AC Sensor Problem: गर्मी बढ़ते ही घरों में AC की जरूरत भी बढ़ जाती है। लेकिन कई बार ऐसा होता है कि अचानक AC ठंडी हवा देना बंद कर देता है और उसकी डिस्प्ले पर E1, E2, P1 या F5 जैसे अजीब कोड दिखने लगते हैं। ज्यादातर लोग इन कोड्स को समझ नहीं पाते और सीधे मैकेनिक को बुला लेते हैं। यही वह मौका होता है जब कई लोग गलत खराबी बताकर ज्यादा पैसे वसूलने की कोशिश करते हैं।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

असल में AC की डिस्प्ले पर दिखाई देने वाले ये कोड उसकी “भाषा” होते हैं। यानी आपका AC खुद बताने की कोशिश करता है कि उसे किस तरह की परेशानी हो रही है। अगर आपको इन एरर कोड्स का मतलब पता हो, तो छोटी-मोटी खराबी आप खुद समझ सकते हैं और बेवजह के खर्च से बच सकते हैं।

क्यों आते हैं AC में एरर कोड?

एयर कंडीशनर में कई तरह के सेंसर और इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम लगे होते हैं। जब इनमें किसी तरह की गड़बड़ी आती है, तो AC डिस्प्ले पर एक खास कोड दिखाता है। हर कंपनी के AC के कोड अलग हो सकते हैं, लेकिन कुछ कॉमन एरर कोड लगभग सभी ब्रैंड्स में देखने को मिल जाते हैं। एक्सपर्ट्स के मुताबिक, एरर कोड को नजरअंदाज करना कई बार AC की बड़ी खराबी का कारण भी बन सकता है। इसलिए समय रहते समस्या को समझना जरूरी होता है।

यह भी पढ़ें: हीट वेव में अस्पताल में भर्ती होना पड़ा तो क्या काम आएगा आयुष्मान कार्ड?

E1, E2, F1, F2 एरर कोड का क्या मतलब है?

अगर आपके AC पर E1, E2, F1 या F2 कोड दिखाई दे रहे हैं, तो यह आमतौर पर सेंसर से जुड़ी समस्या का संकेत होता है। इसका मतलब हो सकता है:

  • रूम टेम्परेचर सेंसर खराब हो गया है
  • कॉइल सेंसर सही से काम नहीं कर रहा
  • सेंसर की वायर ढीली हो गई है
  • सेंसर कनेक्शन में दिक्कत है

ऐसी स्थिति में कई बार सिर्फ वायरिंग ठीक करने से समस्या हल हो जाती है। हालांकि लंबे समय तक नजरअंदाज करने पर सेंसर बदलना भी पड़ सकता है।

E3, E4, E6 और C1 कोड क्यों आते हैं?

ये कोड इंडोर और आउटडोर यूनिट के बीच कम्युनिकेशन फेल होने का संकेत देते हैं। यानी:

  • दोनों यूनिट आपस में कनेक्ट नहीं हो पा रही
  • वायरिंग में दिक्कत हो सकती है
  • PCB या कनेक्शन खराब हो सकता है

अगर यह समस्या लगातार बनी रहे, तो AC सही तरीके से कूलिंग नहीं कर पाएगा। विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि ऐसे मामलों में सबसे पहले वायरिंग और कनेक्शन चेक करवाने चाहिए।

P1, P2 और F5 कोड को हल्के में न लें

अगर AC की स्क्रीन पर P1, P2 या F5 कोड दिख रहे हैं, तो इसका संबंध अक्सर बिजली या वोल्टेज की समस्या से होता है। ऐसी स्थिति में:

  • तुरंत AC बंद कर देना चाहिए
  • स्टेबलाइजर का इस्तेमाल करना चाहिए
  • वायरिंग और पावर सप्लाई चेक करनी चाहिए

लगातार हाई या लो वोल्टेज AC के कंप्रेसर को नुकसान पहुंचा सकता है, जिससे रिपेयरिंग का खर्च काफी बढ़ सकता है।

L1, L3, F6 और L9 कोड का क्या है मतलब?

ये एरर कोड सबसे गंभीर समस्याओं में गिने जाते हैं। आमतौर पर इनका संबंध AC की गैस या कंप्रेसर से होता है। इनका मतलब हो सकता है:

  • कंप्रेसर पर ज्यादा लोड पड़ रहा है
  • AC गैस लीक हो रही है
  • कूलिंग सिस्टम में दिक्कत हैकूलिंग सिस्टम में दिक्कत है

अगर समय पर ध्यान न दिया जाए, तो कंप्रेसर खराब हो सकता है, जिसकी मरम्मत काफी महंगी पड़ती है।

कैसे बचें गलत रिपेयरिंग खर्च से?

कई लोग AC खराब होते ही बिना जानकारी के मैकेनिक पर पूरी तरह निर्भर हो जाते हैं। ऐसे में कुछ लोग छोटी समस्या को बड़ी बताकर हजारों रुपये तक का बिल बना देते हैं। इससे बचने के लिए:

  • AC के साथ आई मैनुअल जरूर पढ़ें
  • कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट पर एरर कोड चेक करें
  • एक से ज्यादा टेक्नीशियन की राय लें
  • छोटी समस्या में तुरंत पार्ट बदलवाने से बचें

समय रहते समझें AC की भाषा

एक्सपर्ट्स का कहना है कि AC के एरर कोड्स को समझना आज के समय में जरूरी हो गया है। इससे न सिर्फ समय पर खराबी पकड़ में आ जाती है, बल्कि अनावश्यक खर्च से भी बचा जा सकता है। अगर आपके AC पर भी कोई कोड दिखाई दे रहा है, तो घबराने की बजाय पहले उसका मतलब समझिए। कई बार छोटी सी वायरिंग या वोल्टेज समस्या ही बड़ी खराबी जैसी दिखाई देती है।

यह भी पढ़ें: वाह रे जुगाड़! 48 डिग्री में चलाया ऐसा दिमाग, VIDEO देख लोग बोले- 'बांदा का असली इंजीनियर'