वॉट्सऐप मैसेज, फोटो और वीडियो को शेड्यूल करने वाले फीचर की टेस्टिंग कर रहा है। यह फोन ऑफलाइन होने पर भी काम करेगा। आप 10 मिनट से 2 हफ्ते पहले तक का समय सेट कर सकते हैं। यह अभी एंड्रॉयड बीटा पर उपलब्ध है।

वॉट्सऐप यूजर्स के लिए एक बहुत ही काम का फीचर जल्द आने वाला है। कंपनी एक ऐसे 'शेड्यूल्ड मैसेज' फीचर की टेस्टिंग कर रही है, जिससे आप मैसेज, फोटो और वीडियो को पहले से सेट करके रख सकेंगे और वो तय समय पर अपने आप सेंड हो जाएंगे। फिलहाल कुछ एंड्रॉयड बीटा यूजर्स को यह फीचर मिलना शुरू हो गया है। आने वाले हफ्तों में यह सुविधा और भी ज्यादा यूजर्स तक पहुंच सकती है।

वॉट्सऐप पर ऐसे शेड्यूल होंगे मैसेज

वॉट्सऐप के नए अपडेट्स पर नजर रखने वाली वेबसाइट वाबीटाइंफो (WABetaInfo) की रिपोर्ट के मुताबिक, यह नया फीचर अभी एंड्रॉयड के वॉट्सऐप बीटा वर्जन 2.26.40.7 इस्तेमाल करने वाले कुछ यूजर्स को मिला है। इस फीचर के जरिए आप मैसेज टाइप करके उसे भेजने की तारीख और समय पहले से तय कर सकते हैं। किसी पर्सनल या ग्रुप चैट में मैसेज टाइप करने के बाद, जब आप सेंड बटन को दबाकर रखेंगे, तो आपको शेड्यूल करने का ऑप्शन दिखेगा। इसके बाद आप अपनी मर्जी की तारीख और समय चुन सकते हैं। तय समय आते ही आपका मैसेज अपने आप चला जाएगा।

फोटो और वीडियो भी कर सकेंगे शेड्यूल

रिपोर्ट्स बताती हैं कि टेक्स्ट मैसेज के अलावा आप लिंक, फोटो और वीडियो भी शेड्यूल कर पाएंगे। हालांकि, ऐसा हो सकता है कि आप एक बार में सिर्फ एक ही फोटो या वीडियो शेड्यूल कर पाएं। फोटो भेजने से पहले आप उसे एडिट कर सकेंगे, उस पर कुछ ड्रॉ कर सकेंगे और कैप्शन भी लिख सकेंगे। आप मैसेज भेजने के 10 मिनट से लेकर दो हफ्ते पहले तक का समय सेट कर सकते हैं। इस फीचर की सबसे बड़ी खासियत यह है कि अगर आपका फोन ऑफलाइन है या वॉट्सऐप बंद है, तब भी मैसेज अपने आप सेंड हो जाएगा।

शेड्यूल किए गए मैसेज को डिलीट करने की सुविधा

यूजर्स अपने शेड्यूल किए गए मैसेज को सेंड होने से पहले चेक कर सकेंगे और चाहें तो उसे डिलीट भी कर सकेंगे। इसके लिए चैट इन्फो स्क्रीन में एक अलग सेक्शन दिया जा सकता है। रिपोर्ट में बताया गया है कि अगर आप कोई शेड्यूल किया हुआ मैसेज डिलीट करते हैं, तो सामने वाले को इसका कोई नोटिफिकेशन नहीं मिलेगा। ग्रुप चैट के मामले में, जिस वक्त मैसेज शेड्यूल किया गया था, उस वक्त ग्रुप में मौजूद मेंबर्स को ही वह मैसेज मिलेगा। बाद में ग्रुप से जुड़ने वाले नए लोगों को वह पुराना शेड्यूल किया हुआ मैसेज नहीं दिखेगा।

सबको कब मिलेगा यह फीचर?

उम्मीद है कि यह नया फीचर एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन की पूरी सुरक्षा के साथ आएगा। अभी यह सुविधा गूगल प्ले स्टोर के जरिए सिर्फ कुछ चुने हुए एंड्रॉयड बीटा यूजर्स को टेस्टिंग के लिए दी जा रही है। हालांकि आने वाले हफ्तों में यह फीचर ज्यादा लोगों तक पहुंच सकता है, लेकिन वॉट्सऐप ने अभी तक इसके ऑफिशियल लॉन्च की कोई पक्की तारीख नहीं बताई है।