स्पेन में एक महिला को रोज़ 40 मिनट जल्दी ऑफिस आने पर नौकरी से निकाल दिया गया। चेतावनियों के बाद उसने केस किया, पर कोर्ट ने कंपनी के फैसले को सही ठहराते हुए इसे श्रम कानून का उल्लंघन बताया।

अजब-गजबः भारत की कई कंपनियां उन लोगों को बहुत अच्छा कर्मचारी मानती हैं जो ऑफिस जल्दी आते हैं और देर से जाते हैं। लेकिन, स्पेन में एक महिला कर्मचारी को सिर्फ इसलिए नौकरी से निकाल दिया गया क्योंकि वो रोज़ जल्दी काम पर आ जाती थी। ये खबर अब सुर्खियों में है। बताया जा रहा है कि वो हर दिन सुबह 40 मिनट पहले ऑफिस पहुंच जाती थी। करीब 2 साल से वो ऐसा ही कर रही थी।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

इसके बाद, कंपनी ने उस कर्मचारी को नौकरी से निकाल दिया। लेकिन, महिला ने इस फैसले के खिलाफ कंपनी पर केस कर दिया। पर कोर्ट ने कहा कि कंपनी की कोई गलती नहीं है और महिला को निकालने का फैसला बिल्कुल सही है। 22 साल की यह कर्मचारी लगभग दो साल से 40 मिनट पहले, यानी सुबह 6:45 से 7:00 बजे के बीच, कई बार ऑफिस पहुंच जाती थी। जबकि उसकी शिफ्ट सुबह 7:30 बजे शुरू होती थी। उसे कई बार कहा गया था कि वो समय से पहले न आए। मालिक का कहना है कि जल्दी आकर भी उसके पास ऑफिस में करने के लिए कुछ नहीं होता था।

कंपनी ने महिला को कई बार ज़ुबानी और लिखकर चेतावनी दी थी। उसे कितना भी समझाया गया कि ऑफिस जल्दी न आए, पर वो मानने को तैयार नहीं थी। आरोप यह भी है कि कुछ दिनों तो उसने ऑफिस पहुंचने से पहले ही कंपनी ऐप से लॉग-इन करने की कोशिश की। कंपनी का कहना है कि नियमों का पालन न करने की वजह से ही उसे निकालना पड़ा। दूसरे कर्मचारियों का भी कहना है कि उसके रोज़ जल्दी आने से टीम के तालमेल में दिक्कत होती थी। खैर, महिला ने इस फैसले को स्पेन की एक सोशल कोर्ट में चुनौती दी। कोर्ट ने भी कहा कि कर्मचारी का जल्दी आना स्पेनिश श्रम कानून के आर्टिकल 54 का उल्लंघन है, इसलिए उसे नौकरी से निकालने में कुछ भी गलत नहीं है।