भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि जिस पार्टी के नेता कपिल सिब्बल ने राम मंदिर के खिलाफ बाबरी मस्जिद का केस लड़ा, वही कांग्रेस आज मंदिरों के चक्कर काट रही है।

लखनऊ: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह (Swatantra dev singh) ने मंगलवार को कांग्रेस (Congress) पर हमला बोलते हुए कहा कि जो कांग्रेस राम के अस्तित्व को नकार कर राम का अपमान करती थी, जिसने सालों तक रामलला को टेंट में रखा, जिस पार्टी के नेता कपिल सिब्बल (Kapil sibbal) ने राम मंदिर के खिलाफ बाबरी मस्जिद (Babri masjid) का केस लड़ा, वही कांग्रेस आज मंदिरों के चक्कर काट रही है। उन्होंने कहा कि शंकराचार्य को गिरफ्तार कराने वाली कांग्रेस की नेता प्रियंका गांधी (Priyanka gandhi) आज रामभक्त का चोला पहनकर वोटरों को लुभाना चाहती हैं।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

हापुड़ में जनविश्वास यात्रा के दौरान सपा, बसपा और कांग्रेस पर बरसे BJP अध्यक्ष
स्वतंत्र देव सिंह हापुड़ जिले के घोड़ा फार्म गढ़मुक्तेश्वर तथा इस्लामिया इंटर कॉलेज बदायूं में जन विश्वास यात्रा के दौरान आयोजित सभा को संबोधित कर रहे थे।
इस दौरान उन्होंने कहा कि सपा, बसपा और कांग्रेस जहां जातिवाद, वंशवाद और परिवारवाद की लड़ाई लड़ रहे हैं, वहीं भाजपा का हर कार्यकर्ता अपने प्रदेश और देश की भलाई की लड़ाई लड़ रहा है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने लोगों से सवाल पूछते हुए कहा कि किसी भी पार्टी में अगर बूथ स्तर का कार्यकर्ता प्रदेश अध्यक्ष बना हो तो आप बताइए? उन्होंने कहा कि मैं एक बूथ स्तर का कार्यकर्ता ही था। 1984 में जब भाजपा को केवल 2 सीटें मिली थी तो विपक्षी दल माखौल उड़ा रहे थे, तब अटल बिहारी वाजपेयी ने कहा था, 'अंधेरा छटेगा-कमल खिलेगा'। और फिर उन्होंने भाजपा की सरकार बनाई। क्योंकि लोगों को भाजपा के राष्ट्रवाद पर विश्वास है।

BJP ऐसी सरकार जिसपर कोई दाग नहीं: प्रदेश अध्यक्ष
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आज यह अवसर है जब देश और प्रदेश में ऐसी ईमानदार और भ्रष्टाचार मुक्त सरकार है, जिस पर कोई दाग नहीं है। ना तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने परिवार के लिए कुछ किया और ना ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ही अपने परिवार के लिए कुछ किया। यही कारण है कि प्रदेश में जमकर विकास हो रहा है। उन्होंने जन विश्वास यात्रा में अपील करते हुए कहा कि विकास की इस गाड़ी को रुकने नहीं देना है और एक बार फिर से पांच साल के लिए योगी जी को मुख्यमंत्री बनाना है।

'आज अंधेरे में भी बाहर निकल सकती हैं यूपी की बेटियां'
उन्होंने कहा कि यूपी में 2017 से पहले कानून व्यवस्था की स्थिति बेहद खराब थी। आज कानून व्यवस्था मजबूत हैं और हमारी बहन-बेटियां निसंकोच होकर आधी रात को भी घर से बाहर जा सकती हैं। सरकार और पुलिस पर लोगों का भरोसा बढ़ा है, बड़े से बड़े गैंगस्टर भी या तो जेल भेज दिए गए हैं या फिर प्रदेश छोड़ कर चले गए हैं। स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि सबका अनुभव है कि अब 24 घंटे बिजली आती है, पहले गांवों में रात में कुछ घंटों के लिए बिजली आती थी और सवेरा होते ही चली जाती थी। मोदी-योगी ने किसानों को कृषि यंत्रों पर अनुदान दिया है और उनकी उपज का उचित मूल्य दिया है। सम्मान निधि के साथ-साथ किसानों के लिए कई योजनाएं लागू की गई हैं जिससे किसानों की आमदनी बढ़ी हैैं।