कानपुर पुलिस ने बुधवार शाम जिस शव को बरामद किया था और उसे AC मकैनिक अहमद हसन की लाश समझ कर अंतिम संस्कार किया गया था वह लाश उनकी नहीं थी। शुक्रवार शाम 5 दिन से लापता AC मकैनिक अहमद हसन घर लौट आए तो परिजनों के होश उड़ गए। क्योंकि एक दिन पूर्व ही परिजनों ने एक लाश को अहमद हसन समझ कर सुपुर्दे ख़ाक किया था।

कानपुर(Uttar Pradesh). कानपुर पुलिस ने बुधवार शाम जिस शव को बरामद किया था और उसे AC मकैनिक अहमद हसन की लाश समझ कर अंतिम संस्कार किया गया था वह लाश उनकी नहीं थी। शुक्रवार शाम 5 दिन से लापता AC मकैनिक अहमद हसन घर लौट आए तो परिजनों के होश उड़ गए। क्योंकि एक दिन पूर्व ही परिजनों ने एक लाश को अहमद हसन समझ कर सुपुर्दे ख़ाक किया था। अब पुलिस के लिए मुश्किलें बढ़ गई हैं कि जिस युवक की लाश मिली थी आखिरकार वो कौन था। कानपुर पुलिस अब फिर से कब्र खुदवाकर शव बाहर निकालने की तैयारी कर रही है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

चकेरी थाना क्षेत्र के ओमपुरवा में रहने वाले AC मकैनिक अहमद हसन (40) बीते 2 अगस्त को घर से निकले थे। इस दौरान अहमद हसन अपना मोबाइल फोन भी घर पर छोड़ गए थे। अहमद जब घर नहीं लौटे तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, काफी खोजबीन के बाद वो नहीं मिला तो परिजनों ने चकेरी थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उधर बीते बुधवार को कर्नलगंज इलाके में एक युवक का शव मिला था। पुलिस ने अहमद हसन के परिजनों को शव की शिनाख्त करने के लिए बुलाया था। परिजनों ने शव की शिनाख्त अहमद हसन के रूप में की थी। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराया और पोस्टमॉर्टम में हत्या की पुष्टि हुई थी। जिसके बाद पुलिस ने शव को अहमद के परिजनों को सौंप दिया जिन्होंने शव को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया था।

शुक्रवार शाम अचानक घर पहुंचा अहमद तो उड़े होश
अहमद को मरा समझ कर उसके शव को सुपर्दे ख़ाक कर लौटे परिजनों में गमजदा माहौल था। शुक्रवार शाम एक दो रिश्तेदार और करीबी भी शोक जताने अहमद के घर पर आए थे। इसी दौरान अचानक अहमद घर पहुंचा तो लोग चौंक गए।अहमद से जब इस बाबत जानकारी ली गई तो उसने बताया कि उसका बीवी से कुछ झगड़ा हुआ था जिसके बाद वह एक रिश्तेदार के घर शहर से बाहर चला गया था। आज वह वहां से लौटा है। अहमद को जिंदा देखकर उसकी पत्नी उससे लिपट कर रोने लगी। वहीं हर तरफ ये बात तेजी से फ़ैल गई।

(प्रतीकात्मक तस्वीर)

कब्र से बाहर निकाला जाएगा शव
पुलिस के मुताबिक अहमद हसन के परिजनों ने जिस शव को दफनाया है, उसकी शिनाख्त के लिए शव को क्रब से दोबारा बाहर निकाला जाएगा। शव की शिनाख्त के दोबारा प्रयास किए जाएंगे, और उसका डीएनए टेस्ट भी कराया जाएगा। उसकी हत्या कैसे हुई, किसने की और मृतक कौन था, कहां का रहने वाला था। ऐसे कई सवाल पुलिस के सामने हैं। शुक्रवार शाम लौटे एसी मैकेनिक की सीडीआर निकलवा कर पुलिस घटना की जांच करेगी।