यूपी के कानपुर में उस समय हड़कम्प मच गया जब दुल्हन के घर जाने के लिए तैयार एक बारात के सामने आकर एक युवती बवाल काटने लगी। युवती दूल्हे को ही अपना पति बताते हुए हंगामा करने लगी

कानपुर(Uttar Pradesh). यूपी के कानपुर में उस समय हड़कम्प मच गया जब दुल्हन के घर जाने के लिए तैयार एक बारात के सामने आकर एक युवती बवाल काटने लगी। युवती दूल्हे को ही अपना पति बताते हुए हंगामा करने लगी। लोग कुछ समझ पाते इसी बीच युवती ने फोन करके पुलिस को बुला लिया। उसने पुलिस को दूल्हा बने युवक के साथ अपनी शादी की तस्वीर व मोबाइल में कुछ मैसेज दिखाए। जिसके बाद पुलिस दोनों को थाने ले कर चली गई। 

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

मामला यूपी के कानपुर देहात के लालजी पुरवा गांव का है। यहां का रहने वाला एक युवक श्रीनगर में सीआरपीएफ में तैनात है। युवक का विवाह पुखरायां निवासी युवती से तय हुआ था। मंगलवार को बारात जानी थी। देर शाम बारात निकासी की रस्म चल रही थी। लोग संगीत की धुन पर थिरक रहे थे। हर ओर खुशी का माहौल था इसी बीच कानपुर के शिवराजपुर इलाके की रहने वाली एक युवती वहां पहुंची और हंगामा करने लगी। युवती दूल्हे को ही अपना पति बताने लगी।

दोनों को साथ ले गई पुलिस 
दूल्हे व उसके परिजनों ने युवती को समझाने का काफी प्रयास किया। लेकिन उसका हंगामा जारी ही रहा। वह बस ये शादी रोकने की जिद पर अड़ी रही और दूल्हे को अपना पति बताती रही। बात न बनने पर युवती ने ही पुलिस को फोन किया। जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंच कर सारी स्थिति का जायजा लिया। युवती ने पुलिस को दूल्हे के साथ अपनी शादी की तस्वीरें व मोबाइल में कुछ मेसेज दिखाए। जिसके बाद पुलिस दोनों को साथ लेकर थाने चली गई।

नहीं गई बारात,टूट गई शादी 
पुलिस दूल्हे को थाने ले गई। घटना के बाद बारात नहीं गई। उधर, पुलिस ने दूल्हे के परिजनों से दुल्हन के घर वालों को घटना की जानकारी दिलवाई तो उन्होंने विवाह से भी मना कर दिया। एसएसआई विष्णुकांत तिवारी ने बताया कि युवती ने युवक को पति बताकर फोटो दिखाई है।