Agra Police Viral News: आगरा के फतेहाबाद में झोपड़ी में अकेली रह रहीं बुजुर्ग भूरी देवी की मदद के लिए ACP इमरान अहमद पहुंचे। पुलिस ने राशन और जरूरी सामान दिया और आवास की व्यवस्था का भरोसा दिलाया।

आगरा के फतेहाबाद से खाकी का एक ऐसा चेहरा सामने आया है, जो कानून-व्यवस्था से आगे इंसानियत की तस्वीर दिखाता है। गांव नरी में चार साल से एक जर्जर झोपड़ी में अकेली रह रहीं बुजुर्ग विधवा भूरी देवी के पास जब पुलिस पहुंची तो वह डर गईं। उन्हें लगा कि कहीं पुलिस उनका आखिरी सहारा भी छीनने तो नहीं आई। लेकिन कुछ ही देर में हालात बदल गए। पुलिस टीम राशन, फल और जरूरी सामान लेकर उनकी मदद के लिए पहुंची थी।

चार साल से झोपड़ी में अकेली जिंदगी

नरी गांव की एकांत जगह पर बनी कच्ची झोपड़ी ही भूरी देवी का पिछले चार साल से घर है। बारिश, सर्दी और गर्मी के बीच वह बेहद सीमित साधनों में जिंदगी गुजार रही हैं। पुलिस के पहुंचने पर उन्होंने बताया कि सुबह उन्होंने बासी रोटी खाई थी। घर में इतना राशन भी नहीं था कि वह ताजी रोटी बना सकें। उनकी स्थिति देखकर पुलिस टीम ने तुरंत मदद का फैसला किया।

Scroll to load tweet…

यह भी पढ़ें: पाकिस्तान में महंगाई ने छीनी थाली की रोटी? ग्लोबल हंगर रिपोर्ट में सामने आई चिंताजनक तस्वीर

पुलिस की गाड़ी देखकर डर गईं भूरी देवी

मिशन शक्ति अभियान के तहत ACP फतेहाबाद इमरान अहमद अपनी टीम के साथ भूरी देवी का हाल जानने पहुंचे थे। लेकिन पुलिस की गाड़ी और जवानों को देखकर बुजुर्ग महिला सहम गईं। उन्हें आशंका हुई कि शायद उनकी कच्ची झोपड़ी भी हटाई जाने वाली है। ACP ने उन्हें भरोसा दिलाया कि पुलिस उन्हें परेशान करने नहीं, बल्कि मदद करने आई है। इसके बाद टीम ने उनके लिए जरूरी खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई।

राशन के साथ आवास की उम्मीद भी जगी

भूरी देवी को आटा, दाल, चावल, तेल, ताजी सब्जियां और फल दिए गए। महिला पुलिसकर्मियों ने उन्हें साड़ी और घरेलू जरूरत का अन्य सामान भी उपलब्ध कराया। पुलिस अधिकारियों ने उनके रहने के लिए स्थायी व्यवस्था कराने की दिशा में भी पहल का भरोसा दिया है।

इसके लिए ग्राम प्रधान और स्थानीय प्रशासन से बातचीत करने की बात कही गई है, ताकि सरकारी योजना के तहत उन्हें आवास मिल सके। यह पहल बताती है कि जरूरतमंद लोगों तक सरकारी तंत्र की पहुंच सिर्फ कार्रवाई तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि मुश्किल समय में मदद का हाथ भी बढ़ना चाहिए।

यह भी पढ़ें: 'नवरात्रि में चिकन...' पीलीभीत के उस वीडियो में क्या है, जिसपर भिड़ गई BJP-SP?