नागरिकता संशोधन बिल पास होने के बाद से इसके विरोध में प्रदर्शन जारी है। असम के कई इलाकों में लोग उग्र हो गए, जिसके बाद वहां कर्फ्यू तक लगाना पड़ा। इसी को देखते हुए यूपी के सहारनपुर और अलीगढ़ में शुक्रवार को एतिहातन इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई है।

सहारनपुर (Uttar Pradesh). नागरिकता संशोधन बिल पास होने के बाद से इसके विरोध में प्रदर्शन जारी है। असम के कई इलाकों में लोग उग्र हो गए, जिसके बाद वहां कर्फ्यू तक लगाना पड़ा। इसी को देखते हुए यूपी के सहारनपुर और अलीगढ़ में शुक्रवार को एतिहातन इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई है। सहारनपुर डीएम आलोक कुमार ने बताया, सरकार के निर्देश पर अगली सूचना तक शहर में इंटरनेट सेवा बंद रहेगी। माना जा रहा है कि नागरिकता संशोधन बिल का विरोध और जुमे को लेकर यह फैसला लिया गया है। 

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

सहारनपुर में जमीयत उलेमा ए हिंद का विरोध प्रदर्शन
बता दें, सहारनपुर में शुक्रवार को जमीयत उलेमा-ए-हिंद ने विरोध प्रदर्शन का आयोजन किया है। इस प्रदर्शन से पहले इंटरनेट सेवाओं को बंद कर दिया गया। इस दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। इससे पहले सहारनपुर के देवबंद में नागरिकता संशोधन बिल के विरोध में मदरसा छात्रों ने सहारनपुर मुजफ्फरनगर स्टेट हाईवे पर जाम लगाया था। पुलिस पर पथराव और वाहनों में तोड़फोड़ भी की थी।

अलीगढ़ में भी इंटरनेट सेवा बंद
वहीं, अलीगढ़ में भी नागरिकता संशोधन बिल के विरोध और जुमे को लेकर डीएम ने शुक्रवार सुबह 10:30 से शाम 5:30 बजे तक इंटरनेट सेवा पर रोक लगा दी है। बता दें, बिल के विरोध में एएमयू छात्र संघ के निवर्तमान अध्यक्ष मो. सलमान इम्तियाज ने शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद कैंपस से डीएम कार्यालय तक विशाल जुलूस निकालने की घोषणा की है। ज्यादा से ज्यादा लोगों से साथ आने का आह्वान किया है।

अलीगढ़ डीएम ने कहा, लोक शांति को बनाए रखने के लिए यह कार्रवाई की गई है। आदेशों का उल्लंघन होने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। सभी टेलिकॉम प्रदाताओं द्वारा इंटरनेट और मैसेजिंग, सोशल मीडिया पर रोक लगा दी गई है। अग्रिम आदेश तक यह रोक जारी रहेगी।