यूपी के कन्नौज में छिबरामऊ तहसील में तैनात सिपाही ने ड्यूटी के दौरान न्यायालय भवन के पीछे फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। स्थानीय लोगों ने सिपाही के शव को फंदे से लटकता देख मामले की जानकारी अन्य पुलिसकर्मियों को दी।

कन्नौज: उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। जनपद के छिबरामऊ में शुक्रवार सुबह एक सिपाही ने ड्यूटी के दौरान फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। बताया जा रहा है कि मृतक सिपाही न्यायालय सुरक्षा में तैनात था। शुक्रवार को सिपाही ड्यूटी करने के लिए छिबरामऊ तहसील पहुंच गया था। इसके कुछ देर बाद ही उसका शव पेड़ पर लटका पाया गया। पेड़ पर सिपाही का शव लटका देख मौके पर हड़कंप मच गया। बता दें कि छिबरामऊ न्यायालय सुरक्षा में तैनात सिपाही विष्णु मूल रूप से मथुरा जिले का रहने वाला है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

5 महीने पहले हुई थी शादी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक सिपाही की 5 महीने पहले शादी हुई थी। वहीं लोगों ने बताया कि हर रोज की तरह वह शुक्रवार को भी छिबरामऊ तहसील पहुंच गया था। जिसके बाद वह कुछ देर तक फोन पर बात करता रहा है। इसके बाद विष्णु ड्यूटी पर तैनात अन्य पुलिस कर्मियों की नजरों से कुछ देर के लिए ओझल हो गया। इसी दौरान थोड़ी देर बाद तहसील परिसर स्थित न्यायालय भवन के पीछे उसका शव पेड़ फांसी के फंदे से लटका मिला। वहीं मामले की जानकारी मिलने पर सीओ छिबरामऊ दीपक दुबे फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए।

पुलिस ने शुरू की मामले की पड़ताल
सीओ छिबरामऊ दीपक दुबे ने फोर्स की मदद से सिपाही विष्णु का शव पेड़ से नीचे उतरवाया। इसके बाद मृतक सिपाही के परिजनों को मामले की जानकारी दी गई। फिलहाल सिपाही द्वारा आत्महत्या किये जाने का कारण सामने नहीं आ सका है। वहीं पुलिस मृतक विष्णु के घरवालों के आने का इंतजार कर रही है। बताया जा रहा है कि परिजनों से मामले की पूछताछ की जाएगी। इसके बाद ही आत्महत्या के कारण का पता चल सकेगा। पुलिस ने शव के पंचनामे की प्रक्रिया शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि स्थानीय लोगों ने पुलिसकर्मियों को सूचना दी थी। वहीं मौके पर पहुंचे एसपी कुंवर ने बताया कि आत्महत्या का कारण तलाशा जा रहा है।

कन्नौज: BJP नेता की हत्या के आरोपियों के घर पर चला बुलडोजर, प्रशासन बोला- अवैध जमीन पर बने थे मकान