सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने नगर निकाय चुनाव में ओबीसी आरक्षण पर सरकार को घेरते हुए कहा कि पिछड़ों के प्रति भाजपा का सौतेला व्यवहार रहा है। उन्होंने कहा कि भीमराव आंबेडकर से मिले अधिकारों को सरकार छीन रही है।

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने भाजपा पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि भाजपा का पिछड़ों के प्रति व्यवहार सौतेला रहा है। वहीं समय-समय पर भाजपा पिछड़ों दलितों के प्रति अपने सौतेले व्यवहार को दिखाती आई है। पिछड़ों का अधिकार छीना जा रहा है। अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार बाबा साहब भीमराव आंबेडकर द्वारा मिले अधिकार को छीन रही है। ओबीसी समाज का आरक्षण खत्म करके सरकार समाज को सत्ता से बेदखल करने की साजिश कर रही है। उन्होंने कहा कि आने वाली नस्लों के लिए यह साजिश है। 

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

सपा करेगी भाजपा के षड्यंत्र का विरोध
सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा पिछड़ों का वोट तो चाहती है, लेकिन उन्हें सत्ता में भागीदारी नहीं देना चाहती है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आगे कहा कि पिछड़ों के वोट से यूपी और दिल्ली की सरकार बनी है। लेकिन उसी समाज के लिए कोई स्थान नहीं है। भाजपा के हर षड्यंत्र का विरोध समाजवादी पार्टी करेगी। उन्होंने कहा कि अभी पिछड़ों के अधिकार को छीना जा रहा है कल को दलितों के अधिकारों को भी छीना जाएगा। पुलिस बोर्ड के परिणाम में भी यही किया गया था। उसमें भी आरक्षण व्यवस्था में बदलाव किया गया था। जिसके कारण 1700 दलितों-पिछड़ों की नौकरी चली गई थी। यही हाल 69000 शिक्षक भर्ती में भी किया गया।

विकास के नाम पर विनाश किया जा रहा- अखिलेश
अखिलेश यादव ने कहा कि उन्हें सरकार पर बिलकुल भी भरोसा नहीं है। पार्टी के लोग सुप्रीम कोर्ट जाएंगे और चुनाव में भाजपा नहीं जाना चाहती है। वह केवल मामले को उलझाए रखना चाहती है। उन्होंने कहा कि सरकार ने राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग को भी खत्म कर दिया। सपा प्रमुख ने कहा कि अयोध्या से आए व्यापारी भी इस सरकार से काफी परेशान हैं। व्यापारियों का कहना है कि भाजपा राज में उनकी दुकानें तोड़ दी गई हैं। सरकार ने मुआवजे के नाम पर व्यापारियों को चंद रुपए दिए हैं। उन्होंने कहा कि यूपी में विकास के नाम पर विनाश किया जा रहा है। 

सपा प्रमुख को नहीं मिला भारत जोड़ो यात्रा का निमंत्रण
सपा अध्यक्ष ने कहा कि वह 27 जनवरी को अयोध्या जाकर व्यापारियों के नुकसान को देखेंगे। इसके अलावा उन्होंने यूनिवर्सिटी भर्ती और एकेटीयू में हुए घोटाले पर भी सरकार से जवाब मांगा है। इन जगहों की भर्ती में भी सरकार ने आरक्षण की अनहोनी की है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार जातीय जनगणना कराए। वहीं कांग्रेस की तरफ से भारत जोड़ो यात्रा पर बात करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि अभी न्यौता नहीं मिला है। सपा प्रमुख ने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस और भाजपा में ज्यादा फर्क नहीं है।

गैंगस्टर एक्ट के बाद जब्त होंगी SP व‍िधायक इरफान सोलंकी की संपत्तियां, पुलिस की रडार में हैं कई नामी बिल्डर